भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के चल रहे जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर आयोजित बौद्धिक एवं संगठनात्मक सत्रों में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, हिमाचल प्रदेश के भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा तथा प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। सभी वक्ताओं ने संगठन, विचारधारा, कार्य विस्तार, कार्यकर्ता निर्माण तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं को प्रभावी जनसंपर्क, वैचारिक स्पष्टता एवं संगठनात्मक कार्यशैली का प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन का प्रथम सत्र प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने "कार्यकर्ता विकास, संभव एवं दायित्व बोध" विषय पर लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी पूंजी उसका समर्पित और संस्कारित कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने व्यक्तित्व, व्यवहार, संगठनात्मक कौशल तथा जनसेवा के भाव का निरंतर विकास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने दायित्वों का पूर्ण बोध होना चाहिए तथा संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक उत्तरदायित्व का निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता का सतत विकास ही संगठन के निरंतर विस्तार और सफलता का आधार है।
भाजपा के हिमाचल प्रदेश सह-प्रभारी संजय टंडन ने अपने संबोधन में भाजपा की कार्यपद्धति पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, अनुशासन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की कार्यप्रणाली को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा प्रत्येक दायित्व का निष्ठा और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सफलता का आधार उसके प्रशिक्षित, अनुशासित और समर्पित कार्यकर्ता हैं।
प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने अपने सत्र में भाजपा के कार्य विस्तार एवं संगठन सुदृढ़ीकरण के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने, बूथों को मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विकास, रोजगार, वित्तीय प्रबंधन और जनहित से जुड़े अनेक मोर्चों पर अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तथ्यों के आधार पर जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को प्रभावी ढंग से रखने का आग्रह किया।
प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा ने अपने उद्बोधन में भाजपा के विचार परिवार की अवधारणा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और सेवा का भाव भारतीय विचार परंपरा की मूल शक्ति है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे संगठन के वैचारिक आधार को गहराई से समझें तथा अपने आचरण, व्यवहार और जनसेवा के माध्यम से इन मूल्यों को समाज में स्थापित करें। उन्होंने कहा कि वैचारिक रूप से सशक्त कार्यकर्ता ही संगठन को स्थायी मजबूती प्रदान करते हैं।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं ने सभी सत्रों में सक्रिय सहभागिता करते हुए संगठनात्मक विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा विभिन्न विषयों पर संवाद भी किया। प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से समृद्ध, संगठनात्मक रूप से सक्षम तथा जनसेवा के प्रति अधिक प्रभावी बनाना है।