एक से श्रेष्ठ बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और समान अवसर देने का सशक्त अभियान: अनुराग सिंह ठाकुर

एक से श्रेष्ठ बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार, आत्मविश्वास और समान अवसर देने का सशक्त अभियान: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज बिझड़ी में आयोजित एक से श्रेष्ठ कार्यक्रम के अंतर्गत केंद्रों में कार्यरत शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से टैबलेट और लैपटॉप वितरित किए। इसके साथ ही विद्यार्थियों को स्टडी टेबल की सुविधा वाले स्कूल बैग, पेंसिल बॉक्स और नोटबुक भी प्रदान की गईं। इस पहल के माध्यम से जहां शिक्षकों की डिजिटल दक्षता और शिक्षण क्षमता को बढ़ावा मिलेगा, वहीं विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होंगे।
इस कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री और बलदेव शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि एक से श्रेष्ठ का उद्देश्य केवल बच्चों को पढ़ाई में सहायता देना नहीं, बल्कि उनके भीतर बचपन से ही अच्छे संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। यह पहल समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने का एक सार्थक प्रयास है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की समावेशी विकास की सोच से प्रेरित होकर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में शुरू किए गए इस अभियान में गुरुकुल परंपरा के मूल्यों को आधुनिक शिक्षा पद्धति के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में एक से श्रेष्ठ के लगभग 650 केंद्र संचालित हो रहे हैं। इनके माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के 12 हजार से अधिक बच्चों को निःशुल्क शिक्षा, अतिरिक्त शैक्षणिक मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास का अवसर मिल रहा है। इन केंद्रों में बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। कुपोषण से बचाव के लिए नियमित रूप से प्रोटीन शेक उपलब्ध करवाने के अतिरिक्त विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों, राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों और स्वच्छता अभियानों में भी भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाता है।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि एक से श्रेष्ठ ने शिक्षा के साथ सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण का भी प्रभावी मॉडल प्रस्तुत किया है। इस अभियान के माध्यम से अब तक 692 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं, जिनमें लगभग 90 प्रतिशत भागीदारी महिलाओं की है। वहीं, इस पहल से जुड़े प्रयासों के कारण 12 हजार से अधिक परिवारों को सामूहिक रूप से 5.40 करोड़ रुपये से अधिक की बचत करने में सहायता मिली है। केंद्रों में 98 प्रतिशत से अधिक महिला शिक्षिकाओं की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि यह अभियान महिला सशक्तिकरण और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी नई दिशा दे रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आज बेरोजगारी, पलायन और आर्थिक चुनौतियों जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। इन चुनौतियों का स्थायी समाधान तभी संभव है, जब शिक्षा को रोजगारपरक कौशल, आत्मनिर्भरता और सामाजिक विकास से जोड़ा जाए। एक से श्रेष्ठ इसी सोच के साथ काम कर रहा है। इसका प्रयास है कि बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी में अभिभावकों का सहयोगी बनकर उन्हें ऐसा वातावरण दिया जाए, जहां आर्थिक परिस्थितियां उनकी प्रतिभा और सपनों के रास्ते में बाधा न बनें।
उन्होंने कहा कि जब आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का बच्चा भी दूसरे बच्चों की तरह गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री और आधुनिक सुविधाएं प्राप्त करता है, तो उसके भीतर समानता, सम्मान और आत्मविश्वास की भावना मजबूत होती है। उसे यह भरोसा मिलता है कि उसके सपने भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं और समाज उसकी सफलता में सहभागी बनने के लिए तैयार है। एक से श्रेष्ठ के माध्यम से बचपन से ही मूल्य आधारित शिक्षा की जिस परिकल्पना को साकार किया जा रहा है, वह आने वाली पीढ़ियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास पर किया गया निवेश किसी एक परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसका लाभ पूरे समाज, प्रदेश और राष्ट्र को मिलता है। आज बच्चों को बेहतर अवसर देकर ही हम कल के शिक्षित, कुशल, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव रख सकते हैं। एक से श्रेष्ठ इसी उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।