शिक्षा जगत की चार प्रतिष्ठित हस्तियों का समीरपुर में आत्मीय मिलन, धूमल ने पुराने सहयोगियों के योगदान को सराहा

शिक्षा जगत की चार प्रतिष्ठित हस्तियों का समीरपुर में आत्मीय मिलन, धूमल ने पुराने सहयोगियों के योगदान को सराहा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल से आज समीरपुर में हमीरपुर जिला के शिक्षा जगत से जुड़ी तीन प्रतिष्ठित हस्तियों ने आत्मीय भेंट की। इनमें गौतम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के संस्थापक 90 वर्षीय जगदीश गौतम, 90 वर्षीय रतन सिंह कंवर तथा 93 वर्षीय रोशन लाल उदास शामिल रहे। इस मुलाकात की खास बात यह रही कि 90 वर्ष की आयु में भी रतन सिंह कंवर स्वयं गाड़ी चलाकर समीरपुर पहुंचे, जो उनके उत्साह, आत्मविश्वास और सक्रिय जीवनशैली का परिचायक रहा।
इस भेंट का विशेष महत्व इसलिए भी रहा क्योंकि चारों ही व्यक्तित्वों की पृष्ठभूमि शिक्षा जगत से जुड़ी रही है। प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने शिक्षक के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत की और बाद में राजनीतिक क्षेत्र में प्रवेश कर दो बार हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश का नेतृत्व किया। वहीं, जगदीश गौतम, रतन सिंह कंवर और रोशन लाल उदास अपने-अपने समय में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया।
इस अवसर पर जगदीश गौतम ने अपने लंबे शैक्षणिक अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला है। उन्होंने शिक्षा के विस्तार और गुणवत्तापूर्ण संस्थानों की स्थापना को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया।
रतन सिंह कंवर ने पुराने शैक्षणिक दिनों और शिक्षा के क्षेत्र में आए बदलावों को याद करते हुए कहा कि शिक्षक का वास्तविक सम्मान उसके विद्यार्थियों की उपलब्धियों और उनके संस्कारों में दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि जीवन के इस पड़ाव पर भी अपने पुराने साथियों से मिलना और शिक्षा जगत की यादों को साझा करना उनके लिए बेहद सुखद अनुभव है।
रोशन लाल उदास ने कहा कि शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के बीच ऐसे आत्मीय मिलन न केवल पुरानी स्मृतियों को ताजा करते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को भी शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित करते हैं।
प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने तीनों वरिष्ठ शिक्षाविदों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि इन सभी ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने और समाज को शिक्षित बनाने में समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति उसके शिक्षकों और शिक्षाविदों के समर्पण से ही संभव होती है। शिक्षा के क्षेत्र में इन तीनों वरिष्ठ व्यक्तित्वों का योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।