मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाना संगठन का प्रथम दायित्व: अनुराग सिंह ठाकुर
मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाना संगठन का प्रथम दायित्व: अनुराग सिंह ठाकुर
भाजपा कार्यकर्ता ही मोदी सरकार की उपलब्धियों के सबसे बड़े जनदूत: अनुराग सिंह ठाकुर
भाजपा के दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान का शुभारंभ, कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और बूथ सशक्तिकरण का दिया गया मंत्र
मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाना प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता का दायित्व है" - यह बात पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने बड़सर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान के प्रथम सत्र को संबोधित करते हुए कही।
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर का दो दिवसीय जिलास्तरीय प्रशिक्षण महाअभियान का आज शुभारंभ हुआ। इस प्रशिक्षण अभियान में पूर्व केन्द्रीय मंत्री और सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा, कमलेश कुमारी, डॉ. अनिल धीमान एवं विजय अग्निहोत्री भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग संगठन को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से और अधिक सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता को इसे बूथ स्तर तक पहुंचाना चाहिए।
अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने जनकल्याण, सुशासन और विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर, जल जीवन मिशन के माध्यम से 15 करोड़ से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से 11 करोड़ से अधिक किसानों को आर्थिक सहायता तथा उज्ज्वला योजना के तहत 10 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत, मुद्रा, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और कौशल विकास जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है और पिछले 12 वर्षों में देश में 100 से अधिक यूनिकॉर्न स्टार्टअप विकसित हुए हैं। इसी अवधि में आईआईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और मेडिकल सीटों में अभूतपूर्व विस्तार हुआ है, जिससे युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर प्राप्त हुए हैं।
हिमाचल प्रदेश का उल्लेख करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने प्रदेश को एम्स बिलासपुर, पीजीआई सैटेलाइट सेंटर ऊना, राष्ट्रीय राजमार्गों एवं फोरलेन परियोजनाओं, ग्रामीण सड़क नेटवर्क, डिजिटल कनेक्टिविटी तथा स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय भी केंद्र सरकार ने हिमाचल को हरसंभव आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को हर घर तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर बड़सर विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने कहा कि मोदी सरकार ने किसानों, महिलाओं, युवाओं, कर्मचारियों, करदाताओं, अल्पसंख्यकों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिनका लाभ बिना किसी भेदभाव के देशभर के करोड़ों लोगों तक पहुंचा है।
प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय सत्र में सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल ने बूथ सशक्तिकरण, कार्यविस्तार योजना तथा पन्ना प्रमुख तक संगठन की संरचना को भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता का आधार है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियां पूरी न करने, आर्थिक कुप्रबंधन, विकास कार्यों में ठहराव तथा युवाओं, कर्मचारियों और आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा का प्रशिक्षित कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और राज्य सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएगा।
प्रशिक्षण महाअभियान के तृतीय सत्र की अध्यक्षता सुजानपुर के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा ने की। इस सत्र में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए कहा कि वर्तमान समय में भारत केवल आर्थिक और सामरिक मोर्चे पर ही नहीं, बल्कि वैचारिक और सामाजिक स्तर पर भी अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए राष्ट्र प्रथम की भावना, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनविश्वास को मजबूत करना आवश्यक है।
डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता केवल चुनाव लड़ने वाला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग से सतत संवाद स्थापित करें, सेवा, समर्पण और संगठन के मूल मंत्र को अपनाते हुए केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा राष्ट्रहित के विषयों को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रशिक्षित, अनुशासित एवं राष्ट्रवादी कार्यकर्ता ही विकसित भारत के निर्माण में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।