कसियाना गांव तक सड़क न होने का मामला उठाया, नरेश कुमार दर्जी ने ग्रामीणों को दिलाया समाधान का भरोसा

कसियाना गांव तक सड़क न होने का मामला उठाया, नरेश कुमार दर्जी ने ग्रामीणों को दिलाया समाधान का भरोसा
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कराह के अंतर्गत कसियाना गांव से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) से उनके कार्यालय में मुलाकात कर गांव की वर्षों पुरानी सड़क समस्या से अवगत कराया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आजादी के दशकों बाद भी कसियाना गांव आज तक सड़क सुविधा से वंचित है। ग्रामीणों के अनुसार, किसी भी आपातकालीन स्थिति—जैसे गंभीर बीमारी, गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाना अथवा दुर्घटना होने पर—एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसी परिस्थितियों में मरीजों को खाट या अन्य साधनों के सहारे मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इस समस्या के समाधान के लिए वे वर्षों से जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर अपनी मांग रखते रहे हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और किसी भी गांव को विकास की मुख्यधारा से वंचित नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कसियाना के लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए वे संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मामला उठाएंगे और आवश्यकता पड़ने पर हर लोकतांत्रिक स्तर पर संघर्ष करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि लोगों की बुनियादी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। कसियाना गांव तक सड़क निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा और वे इस दिशा में हरसंभव प्रयास करेंगे। अंत में नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि "भोरंज मेरा परिवार है और परिवार की समस्याओं का समाधान कराना मेरा दायित्व है। जब तक कसियाना गांव को सड़क सुविधा नहीं मिलती, तब तक मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।"