संसद की लोक लेखा समिति (पब्लिक अकाउंट्स कमेटी - PAC) के अध्यक्ष के.सी. वेणुगोपाल द्वारा समिति की विभिन्न उप-समितियों का पुनर्गठन किया गया है। इस पुनर्गठन के तहत पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को रेलवे उप-समिति तथा वित्त उप-समिति, दोनों में सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है। यह पुनर्गठन देश की अर्थव्यवस्था से जुड़े महत्वपूर्ण क्षेत्रों में संसदीय निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रेलवे उप-समिति का गठन डॉ. के. लक्ष्मण को संयोजक तथा टी.आर. बालू को वैकल्पिक संयोजक नियुक्त करते हुए किया गया है। अनुराग सिंह ठाकुर इस उप-समिति में कल्याण बनर्जी, अशोकराव एस. चव्हाण, जगदंबिका पाल और जय प्रकाश सहित अन्य सदस्यों के साथ कार्य करेंगे। यह उप-समिति भारतीय रेलवे से संबंधित व्यय, वित्तीय जवाबदेही तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग की समीक्षा करेगी।
वित्त उप-समिति का गठन मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी को संयोजक तथा डॉ. अमर सिंह को वैकल्पिक संयोजक नियुक्त करते हुए किया गया है। अनुराग सिंह ठाकुर को इस उप-समिति में भी सदस्य बनाया गया है। समिति में तेजस्वी सूर्या, डॉ. सी.एम. रमेश तथा बालाशौरी वल्लभनेनी सहित अन्य सदस्य शामिल हैं। यह उप-समिति केंद्र सरकार के वित्तीय प्रबंधन, लेखों तथा वित्त मंत्रालय से संबंधित मामलों की समीक्षा और निगरानी का कार्य करेगी।
रेलवे एवं वित्त जैसी महत्वपूर्ण उप-समितियों में अनुराग सिंह ठाकुर की नियुक्ति सार्वजनिक वित्त, प्रशासनिक जवाबदेही तथा आधारभूत संरचना विकास से जुड़े विषयों में उनके व्यापक अनुभव और संसदीय योगदान को दर्शाती है। उनकी सक्रिय भागीदारी से लोक लेखा समिति की निगरानी और जवाबदेही संबंधी प्रक्रियाओं को और अधिक मजबूती मिलने की अपेक्षा है।