हमीरपुर में रहस्यमयी परिस्थितियों में साढ़े 6 वर्षीय बच्ची नायरा हुई गायब

हमीरपुर में रहस्यमयी परिस्थितियों में साढ़े 6 वर्षीय बच्ची नायरा हुई गायब
हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के अंतर्गत आने बड़सर उपमंडल की ग्राम पंचायत कड़साई के गांव कलबाड़ा की साढ़े 6 वर्षीय बच्ची रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई है। तीन दिन बीत जाने बाबजूद भी बच्ची का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। बच्ची के लापता होने के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है, दूसरी ओर बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्ची की मां मंजू भगवान से बच्ची की सलामती की दुआ मांग रही है। जानकारी के अनुसार नायरा बुधवार के दिन सुबह 8 बजे के करीब अपने घर के पास खेल रही थी, तभी वह अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कहीं भी बच्ची का पता नहीं चल पाया, जिसके बाद मामले की सूचना बड़सर पुलिस को दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी। पहले दिन स्थानीय पुलिस के साथ ग्रामीणों ने भी आसपास के इलाकों, खेतों और जंगलों में सर्च अभियान चलाया। इसके अलावा दूसरे दिन ड्रोन की मदद से भी इलाके की निगरानी की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सर्च अभियान को और तेज करते हुए एसडीआरएफ की टीम कलवाड़ा गांव बुलाया गया। एसडीआरएफ और पुलिस और स्थानीय ग्रामीण संयुक्त सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।