बाबा बालक नाथ विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) की बैठक शुक्रवार को उपायुक्त हमीरपुर एवं साडा की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक मंे क्षेत्र से संबंधित कई महत्वपूर्ण मुद्दों के साथ-साथ प्राधिकरण की आय-व्यय पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर उपायुक्त ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों की अनुपालना के बारे में संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की और लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि दियोटसिद्ध एक बहुत ही प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है और यहां हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आते हैं। इसको देखते हुए यहां के सुनियोजित विकास के लिए सभी निर्माण कार्यों में हिमाचल प्रदेश नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम की अक्षरशः अनुपालना होने चाहिए। उन्होंने नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अधिकारियों और अन्य संबंधित अधिकारियों को इस अधिनियम की अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दियोटसिद्ध में कुछ दुकानों को खाली करवाने और अन्य मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा की गई।
इस अवसर पर बड़सर की एसडीएम स्वाति डोगरा, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के योजनाकार हरजिंद्र सिंह, बिझड़ी के तहसीलदार सुभाष कुमार मल्होत्रा और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को विभिन्न मुद्दों की ताजा स्थिति से अवगत करवाया।
बैठक के बाद उपायुक्त ने बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास द्वारा चकमोह में संचालित किए जा रहे बाबा बालक नाथ मॉडल स्कूल और कलवाल में गौ सदन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मॉडल स्कूल के संचालकों एवं शिक्षकों से स्कूल की विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। उपायुक्त ने गौ सदन में रखे गए पशुओं के लिए किए गए सभी प्रबंधों के बारे में भी संचालकों के साथ चर्चा की। इस दौरान एसडीएम स्वाति डोगरा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।