हिमाचल का बढ़ा मान, अनुराग सिंह ठाकुर फिर संसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित

कोयला, स्टील एवं खान समिति के उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान

हिमाचल का बढ़ा मान, अनुराग सिंह ठाकुर फिर संसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को एक बार फिर प्रतिष्ठित संसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उनकी अध्यक्षता वाली कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति को उत्कृष्ट संसदीय कार्य प्रदर्शन के लिए संसद रत्न पुरस्कार 2026 हेतु चुना गया है। इससे पूर्व वर्ष 2019 में भी अनुराग सिंह ठाकुर को लोकसभा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सांसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। संसद रत्न पुरस्कारों की स्थापना वर्ष 2010 में पूर्व राष्ट्रपति ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के सुझाव पर की गई थी। पुरस्कार के लिए सांसदों का चयन संसद में भागीदारी, प्रश्नों, विधायी कार्य, उपस्थिति एवं जनहित से जुड़े कार्यों के आधार पर किया जाता है। अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में 18वीं लोकसभा की कोयला, स्टील एवं खान संसदीय स्थायी समिति ने अब तक 23 महत्वपूर्ण रिपोर्ट संसद में प्रस्तुत की हैं। इनमें कोयला खनन, पर्यावरण स्वीकृति, जिला खनिज फाउंडेशन निधि, आत्मनिर्भरता, स्टील स्क्रैप रिसाइक्लिंग नीति तथा स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया के प्रदर्शन जैसे विषयों पर व्यापक समीक्षा शामिल है। समिति ने एक वर्ष में 50 से अधिक बैठकें कर ऊर्जा, खनन एवं इस्पात क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण सिफारिशें दी हैं। इस सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान पूरे हिमाचल प्रदेश और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का सम्मान है। उन्होंने समिति के सभी सदस्य सांसदों एवं संसद रत्न पुरस्कार चयन समिति का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान संसदीय दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा तथा विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा।