होटल प्रबंधन संस्थान में 25 महिलाओं को सिखाए खाद्य उत्पाद बनाने के गुर

कार्यशाला के समापन अवसर पर डीसी गंधर्वा राठौड़ ने भी किया प्रतिभागियों का मार्गदर्शन

होटल प्रबंधन संस्थान में 25 महिलाओं को सिखाए खाद्य उत्पाद बनाने के गुर
महिलाओं के कौशल विकास, आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) की पहल पर सलासी स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) हमीरपुर में 25 महिलाओं के लिए तीन दिवसीय खाद्य उत्पाद निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सुजानपुर और नादौन विकास खंडों की महिलाओं ने भाग लिया। कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड एवं बेकरी उत्पाद तैयार करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि वे अपने हुनर को व्यवसाय में बदलकर स्वरोजगार के अवसर विकसित कर सकें। कार्यशाला के समापन अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और प्रतिभागियों के साथ संवाद किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह कार्यशाला एक बहुत ही महत्वपूर्ण पहल है। उपायुक्त ने प्रतिभागियों से कहा कि वे प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल का सदुपयोग करके अपना कारोबार शुरू कर सकती हैं। सैंडविच, बर्गर, मोमोज, पिज्जा एवं बिस्कुट जैसे लोकप्रिय खाद्य उत्पादों की मांग को देखते हुए प्रतिभागी इनके उत्पादन एवं बिक्री को स्वरोजगार के विकल्प के रूप में अपना सकती हैं। इस पहल से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपनी आय के साधन विकसित करने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। एडीसी एवं आईएचएम के कार्यकारी प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार गर्ग के निर्देशन में आयोजित इस कार्यशाला में महिलाओं को कोल्ड सैंडविच, ग्रिल्ड सैंडविच, चिकन सैंडविच एवं क्लब सैंडविच सहित विभिन्न प्रकार के सैंडविच तैयार करने का प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त, रागी पैटी, बर्गर, वेज बर्गर, पनीर बर्गर एवं चिकन बर्गर इत्यादि बनाने की विधियां भी सिखाई गईं। कार्यशाला के समापन अवसर पर डीआरडीए की परियोजना अधिकारी अस्मिता ठाकुर, आईएचएम के विभागाध्यक्ष पुनीत बंटा और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।