भाजपा जिला हमीरपुर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को दूसरी बार सांसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि यह सम्मान न केवल अनुराग ठाकुर बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश और विशेष रूप से हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर को इससे पहले वर्ष 2019 में भी सांसद रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उस समय संसद में उनकी सक्रिय एवं प्रभावशाली भूमिका, जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने, संसदीय समितियों में उत्कृष्ट योगदान तथा सांसद के रूप में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला था।
उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपने राजनीतिक जीवन में हिमाचल प्रदेश के विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके प्रयासों से हिमाचल प्रदेश में एम्स बिलासपुर जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान की स्थापना हुई, जिसका शिलान्यास वर्ष 2017 में हुआ और वर्ष 2022 में इसका उद्घाटन किया गया। लगभग 1470 करोड़ रुपये की लागत से बने इस संस्थान में 750 बेड, सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं, आधुनिक चिकित्सा उपकरण तथा मेडिकल शिक्षा की व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। इसके अतिरिक्त हमीरपुर क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालयों के विस्तार, मेडिकल कॉलेज तथा खेल एवं शिक्षा से जुड़े विभिन्न संस्थानों और परियोजनाओं को भी गति मिली, जिससे प्रदेश के युवाओं और आम जनता को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ।
राकेश ठाकुर ने बताया कि इस बार अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता वाली कोयला, स्टील एवं खान संबंधी संसदीय समिति को उत्कृष्ट कार्य एवं प्रभावी प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया है। समिति द्वारा विभिन्न विषयों पर गंभीर अध्ययन, जवाबदेही सुनिश्चित करने और प्रभावी सुझाव देने के कारण इसे देश की सर्वश्रेष्ठ संसदीय समितियों में स्थान मिला है।
उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमेशा हिमाचल प्रदेश और हमीरपुर की जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। संसद के भीतर और बाहर उनकी सक्रियता, विकासोन्मुख सोच तथा जनसेवा के प्रति समर्पण ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है। लगातार दूसरी बार सांसद रत्न अवॉर्ड प्राप्त करना उनके संसदीय अनुभव, नेतृत्व क्षमता और जनविश्वास की जीती-जागती मिसाल है।