भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने मीडिया को एक प्रेस नोट जारी कर जानकारी देते हुए बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को एनआईटी हमीरपुर में आयोजित "शिक्षा महाकुंभ अभियान 6.0" के कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके पश्चात वह जिला बिलासपुर के घुमारवीं स्थित उत्सव पैलेस में आयोजित "एक से श्रेष्ठ" कार्यक्रम में भाग लेने के लिए रवाना होंगे।
राकेश ठाकुर ने बताया कि अनुराग सिंह ठाकुर का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है। तंजानिया के दौरे से लौटते हुए वह 10 और 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि के बाद सुबह लगभग 3:00 बजे नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके तुरंत बाद वह दिल्ली हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल टी-1 से सुबह 7:20 बजे इंडिगो की उड़ान से धर्मशाला के लिए रवाना होंगे। अंतरराष्ट्रीय यात्रा के बाद सीमित समय में अगली उड़ान लेकर हिमाचल प्रदेश पहुंचना उनकी व्यस्त दिनचर्या और निर्धारित कार्यक्रमों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि अनुराग सिंह ठाकुर का रविवार दोपहर 2:00 बजे घुमारवीं पहुंचकर "एक से श्रेष्ठ" कार्यक्रम में भाग लेने का कार्यक्रम है। इस प्रकार, एक ही दिन में हमीरपुर और बिलासपुर जिले में दो महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में उनकी सहभागिता प्रस्तावित है।
राकेश ठाकुर ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर का लगातार सक्रिय रहना और विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय दायित्वों के बीच अपने संसदीय क्षेत्र के कार्यक्रमों के लिए समय निकालना उनकी कार्यशैली, जनसेवा के प्रति समर्पण और हिमाचल प्रदेश के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। तंजानिया से लौटने के तुरंत बाद निर्धारित कार्यक्रमों में शामिल होने की उनकी तत्परता इस बात का प्रमाण है कि जनप्रतिनिधि के रूप में वह अपनी जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, सामाजिक सशक्तीकरण और युवाओं के भविष्य से जुड़े कार्यक्रम समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। "शिक्षा महाकुंभ अभियान 6.0" और "एक से श्रेष्ठ" जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से शिक्षा के प्रसार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों को बल मिलता है।