पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के तहत नादिया में आयोजित विशाल रोड शो एवं जनसभा तथा कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व में क्राइम, करप्शन और कटमनी का संगठित तंत्र संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि 4 मई को भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले पंद्रह वर्षों में हुए अपराधों का पूरा हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बंगाल का पूरा तंत्र टीएमसी नामक ऐसे वायरस से प्रभावित है जिसने राज्य की व्यवस्था को भ्रष्ट कर दिया है। इस स्थिति से बाहर निकलने के लिए राज्य को रीबूट और रिस्टार्ट करने की आवश्यकता है। बीते पंद्रह वर्षों में राज्य को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ा है। यह चुनाव बंगाल और उसकी अस्मिता को बचाने का चुनाव है, क्योंकि गांव-गांव और गली-मोहल्लों में टीएमसी से जुड़े गुंडों का दबदबा है, जो संगठित रूप से सिंडिकेट चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की क्षमता है और ऐसे तत्वों को कानून के तहत सख्ती से जवाब दिया जाएगा।
अनुराग सिंह ठाकुर ने आगे कहा कि राज्य सरकार पर घुसपैठियों को संरक्षण देने और स्थानीय नागरिकों को पलायन के लिए मजबूर करने के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के युवा रोजगार के अभाव में बाहर जाने को विवश हैं और बेरोजगारी व्यापक स्तर पर फैली हुई है। मिड-डे मील और अनाज वितरण जैसी योजनाओं में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगते रहे हैं। सीमा सुरक्षा से जुड़े कार्यों में भी बाधाएं उत्पन्न की जाती रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भय और भ्रम का वातावरण बनाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा चिंता का विषय बनी हुई है और विभिन्न घटनाओं में महिलाओं के खिलाफ अपराध सामने आए हैं। भ्रष्ट अधिकारियों और कंपनियों के समर्थन के आरोप भी राज्य सरकार पर लगते रहे हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भ्रष्टाचार की जड़ें कितनी गहरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 4 मई को राज्य की जनता टीएमसी शासन से मुक्ति प्राप्त करेगी और सोनार बांग्ला के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा।