जिला परिषद चुनाव में भाजपा करेगी क्लीन स्वीप : राकेश ठाकुर

भाजपा के सभी प्रत्याशी मजबूत जीत की स्थिति में : भाजपा जिला अध्यक्ष

जिला परिषद चुनाव में भाजपा करेगी क्लीन स्वीप : राकेश ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी ने आगामी जिला परिषद चुनावों के लिए अपने समर्थित प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जिला हमीरपुर की सभी 19 जिला परिषद वार्डों के लिए पार्टी समर्थित उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। राकेश ठाकुर ने कहा कि पार्टी ने प्रत्येक प्रत्याशी के चयन से पूर्व विस्तृत मंथन और गहन विचार-विमर्श किया है। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के चयन में पार्टी हाईकमान, स्थानीय विधायकों, पूर्व विधानसभा प्रत्याशियों, विभिन्न स्तरों के संगठन पदाधिकारियों तथा जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से व्यापक चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसे उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है जिनकी क्षेत्र में मजबूत जनस्वीकार्यता, सक्रिय सामाजिक भागीदारी और सबसे अधिक जीत की संभावना है। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन आज बूथ स्तर तक पूरी मजबूती के साथ कार्य कर रहा है और पार्टी के पक्ष में प्रदेशभर में सकारात्मक माहौल है। राकेश ठाकुर ने विश्वास जताते हुए कहा कि भाजपा जिला परिषद चुनावों में पूर्ण बहुमत के साथ ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेगी और जनता कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब मतपेटियों के माध्यम से देगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, विकास कार्यों की धीमी गति और प्रशासनिक अव्यवस्था से आम जनता निराश है तथा लोग भाजपा को एक मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में देख रहे हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि हाल ही में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा को मिले प्रचंड जनसमर्थन ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देशभर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद चुनावों में भाजपा की बड़ी जीत आगामी विधानसभा चुनावों के लिए मजबूत आधार तैयार करेगी और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और पार्टी अनुशासन, सेवा तथा विकास के मूल मंत्र के साथ जनता के बीच जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का कार्य करेंगे और पंचायत स्तर पर विकास को नई गति देंगे। राकेश ठाकुर ने जिन प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की उनमें बीड़-बगेहड़ा से तृप्ता देवी, पनोह से आशा ठाकुर, दरोगण पत्ती कोट से मनजीत सिंह धीमान, उहल से ज्योति ठाकुर, जंगल रोपा से सोनी कुमार, ताल से सुशील कुमार, चमनेड से रोहित शर्मा, बधाणी से रजनी देवी, धमरोल से अनीता शर्मा, जाहू से अजय शर्मा, महल से अंजना कुमारी, करेर से गुरदीप सिंह, बिझड़ी से रवि कुमार, झंझयाणी से रमेश्वर दत्त, दांदड़ू से रेणु बाला, लहड़ा से रंजना कुमारी, मालग धनेटा से काजल, अमलैहड़ से वीरेंद्र सिंह तथा सपड़ोह से नीलम चौधरी के नाम शामिल हैं।