चकमोह कालेज में भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता से दिया मतदाता जागरुकता का संदेश

चकमोह कालेज में भाषण एवं रंगोली प्रतियोगिता से दिया मतदाता जागरुकता का संदेश
बाबा बालक नाथ महाविद्यालय चकमोह के मतदाता साक्षरता क्लब (ईएलसी) ने भारत निर्वाचन आयोग के जागरुकता कार्यक्रम ‘स्वीप’ (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा और चुनावी भागीदारी) के तहत बुधवार को कालेज के परिसर में भाषण और रंगोली प्रतियोगिता आयोजित कीं। इस आयोजन में कालेज के रेड रिबन क्लब का भी विशेष सहयोग रहा। कालेज के प्रधानाचार्य डॉ. नरेश कुमार ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में बिझड़ी के बीईईओ अमरजीत सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मताधिकार के महत्व तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में मतदान की भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जागरुक एवं सक्रिय मतदाताओं पर निर्भर करती है और युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए। प्रधानाचार्य ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महाविद्यालय में ईएलसी एवं स्वीप गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिकता की भावना को विकसित करना है। इस अवसर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने मतदान का महत्व, लोकतंत्र में युवाओं की भूमिका, जागरुक मतदाता तथा निष्पक्ष एवं नैतिक मतदान जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। रंगोली प्रतियोगिता के प्रतिभागी विद्यार्थियों ने भी आकर्षक रंगोलियों के माध्यम से मतदाता जागरुकता और लोकतांत्रिक भागीदारी का संदेश दिया। दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के अन्य शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।