लोकसभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर 5 से 9 अक्टूबर 2026 तक अरुशा, तंजानिया में आयोजित होने वाले 153वें इंटर-पार्लियामेंट्री यूनियन (IPU) सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश के नेतृत्व वाले उच्चस्तरीय भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख सदस्यों में शामिल अनुराग सिंह ठाकुर 183 सदस्य देशों वाले दुनिया के सबसे बड़े वैश्विक संसदीय संगठन के मंच पर भारत का दृष्टिकोण और लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे।
इस वर्ष सम्मेलन का मुख्य विषय समावेशिता, विश्वास और सभी के लिए अवसरों के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देना और समुदायों को सशक्त बनाना है। सम्मेलन में इस विषय सहित वैश्विक शांति, विकास, लोकतंत्र और मानवाधिकारों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।
अनुराग सिंह ठाकुर स्टैंडिंग कमेटी ऑन ह्यूमन राइट्स ऑफ़ पार्लिअमेंटरीअन्स के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। ऐसे में मानवाधिकार, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर उनकी सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण होगी। 183 देशों के प्रतिनिधियों और दुनिया भर के सांसदों के समक्ष उनकी भागीदारी भारत की स्पष्ट और मजबूत आवाज को वैश्विक मंच पर प्रभावी ढंग से रखने में अहम भूमिका निभाएगी।
उनकी सहभागिता भारत की संसदीय कूटनीति को मजबूत करने के साथ-साथ वैश्विक मंच पर भारत के लोकतांत्रिक दृष्टिकोण और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगी।