हिम अकादमी पब्लिक स्कूल में इंटरैक्ट एवं रोटरैक्ट क्लब का संयुक्त स्थापना समारोह और वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया

हिम अकादमी पब्लिक स्कूल में इंटरैक्ट एवं रोटरैक्ट क्लब का संयुक्त स्थापना समारोह और वरिष्ठ नागरिक दिवस मनाया गया
विकासनगर। हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, विकासनगर में इंटरैक्ट एवं रोटरैक्ट क्लब का संयुक्त स्थापना समारोह तथा वरिष्ठ नागरिक दिवस गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा-भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रोटेरियन प्रो. जे. पी. अग्निहोत्री ने शिरकत की। इस अवसर पर रोटरी क्लब हमीरपुर के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार तथा सचिव डॉ. अमरजीत अत्री की गरिमामयी उपस्थिति रही। वहीं मुख्य वक्ता रोटेरियन डॉ. अजायब सिंह ने अपने प्रेरणादायक विचारों से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष प्रो. आर. सी. लखनपाल, चेयरपर्सन श्रीमती सी. पी. लखनपाल, निदेशक इंजीनियर पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल तथा वाइस प्रिंसिपल श्री अश्विनी कुमार सहित शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त ब्लू स्टार पब्लिक स्कूल तथा एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय, हमीरपुर से शिक्षक प्रभारी, मेंटर शिक्षक एवं विद्यार्थी पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए। इंटरैक्ट क्लब की नई गवर्निंग बॉडी का गठन समारोह का मुख्य आकर्षण इंटरैक्ट क्लब की नई गवर्निंग बॉडी का स्थापना एवं पदभार ग्रहण समारोह रहा। इंटरैक्ट क्लब की Teacher In-charge श्रीमती नीलम ठाकुर के मार्गदर्शन में कक्षा 11वीं के चार विद्यार्थियों को क्लब की नई कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। नई गवर्निंग बॉडी में: अथर्व चौहान – President, एंजल – Vice President, अच्युतम – Secretary, प्रेषिता – Treasurer, को नियुक्त किया गया। समारोह के दौरान नवनियुक्त पदाधिकारियों को बैज पिन कर सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने-अपने पद की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने तथा विद्यालय एवं समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया। नवगठित टीम ने रोटरी के प्रेरणादायी मूल मंत्र “Service Above Self” (स्वयं से पहले सेवा) को अपने कार्यों का आधार बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित रोटरी पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल एवं प्रेरणादायी कार्यकाल की कामना की। वरिष्ठ नागरिक दिवस पर वरिष्ठजनों का सम्मान कार्यक्रम के साथ वरिष्ठ नागरिक दिवस भी विशेष रूप से मनाया गया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के सदस्यों एवं विद्यालय परिवार की ओर से उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके जीवन-अनुभवों, संस्कारों और समाज के लिए किए गए योगदान को सराहा गया। वक्ताओं ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनका अनुभव, ज्ञान और जीवन-मूल्य युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं। वरिष्ठजनों का सम्मान करना हमारी संस्कृति और नैतिक जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रभावी रहा कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम का संचालन श्रीमती पूजा शर्मा ने प्रभावशाली एवं कुशलतापूर्वक किया। उन्होंने अपनी बेहतरीन एंकरिंग के माध्यम से कार्यक्रम को क्रमबद्ध एवं गरिमापूर्ण ढंग से आगे बढ़ाया और सभी अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़े रखा। समारोह ने विद्यार्थियों में नेतृत्व, सेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी एवं सामाजिक संवेदनशीलता की भावना को मजबूत किया। यह आयोजन युवा पीढ़ी को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने तथा “स्वयं से पहले सेवा” की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाला रहा। कार्यक्रम में ‘मधुबन खुशबू देता है’गीत की मनमोहक कोरल सिंगिंग प्रस्तुति दी गई, जिसने अपनी मधुर एवं सामूहिक स्वर-लहरियों से संपूर्ण सभागार को भाव-विभोर कर दिया और वातावरण को संगीतमय बना दिया।