विज्ञान प्रदर्शनी में सजे नवाचार के रंग

विज्ञान प्रदर्शनी में सजे नवाचार के रंग
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल, हीरानगर में कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में बाल वैज्ञानिकों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यालय चेयरमैन प्रोफेसर आरसी लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन चंद्रप्रभा लखनपाल, श्री कमल किशोर भारती, उपनिदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग (एलिमेंटरी), हमीरपुर, जिला विज्ञान समन्वयक राजेश गौतम व विद्यालय प्रधानाचार्या शशि बाला ने विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ऑटोमैटिक वेस्ट कलेक्टर, स्पेस साइंस एंड सैटेलाइट, हाइड्रोइलेक्ट्रिसिटी, सीस्मो शील्ड और हीमोडायलिसिस जैसे मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को वास्तविक जीवन की समस्याओं से जोड़ते हुए उनके व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किए। विशेष अतिथियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासा, प्रतिभा एवं मेहनत की प्रशंसा करते हुए उन्हें निरंतर नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्रधानाचार्या शशि बाला ने विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों माया शर्मा, पूजा शर्मा, रोहित अग्निहोत्री,संदीप कुमार, पंकज शर्मा, सचिन कुमार, दीपशिखा शर्मा, शिल्पा गुप्ता , मीनाक्षी शर्मा व इवेंट मैनेजर चंद्र किरण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, समस्या-समाधान क्षमता और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।