हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा, हिमाचल प्रदेश की अंडर-17 बालिका फुटबॉल टीम का स्वागत किया और खिलाड़ियों के साथ विशेष संवाद करते हुए उन्हें शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। टीम इन दिनों प्रतिष्ठित सुब्रतो कप में भाग लेने के लिए दिल्ली में है।
‘सुजानियंस’ के नाम से लोकप्रिय सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा की इस टीम ने हाल ही में राष्ट्रीय अंडर-17 ऑल इंडिया फुटबॉल चैंपियनशिप (प्री-सुब्रतो कप 2026) का खिताब जीतकर हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। देशभर के 111 सैनिक स्कूलों की टीमों के बीच हुए इस राष्ट्रीय मुकाबले में सुजानपुर टीहरा की बालिका टीम ने शानदार खेल, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट टीम भावना का प्रदर्शन किया। फाइनल मुकाबले में टीम ने सैनिक स्कूल चंद्रपुर को पराजित कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी तथा टीम की चैंपियनशिप यात्रा के बारे में जानकारी ली। उन्होंने आगामी सुब्रतो कप मुकाबलों के लिए पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों से प्रत्येक मैच में आत्मविश्वास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।
अनुराग सिंह ठाकुर ने खिलाड़ियों से कहा कि उन्हें अपने लक्ष्यों पर पूरी तरह केंद्रित रहना चाहिए और जीत के साथ-साथ हार एवं चुनौतियों को भी सीखने तथा बेहतर बनने के अवसर के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेलों में सफलता केवल प्रतिभा से नहीं मिलती, बल्कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन, टीम भावना, धैर्य और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता से हासिल होती है।
उन्होंने टीम के प्रशिक्षकों, स्कूल प्रशासन और सहयोगी स्टाफ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा की बालिका फुटबॉल टीम की यह उपलब्धि हमीरपुर और पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह सफलता प्रदेश में मौजूद खेल प्रतिभा की अपार संभावनाओं को दर्शाती है और यह भी बताती है कि ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को उचित अवसर, सुविधाएं और राष्ट्रीय स्तर के मंच उपलब्ध कराए जाएं तो वे देशभर में अपनी पहचान बना सकते हैं।
सांसद ने विश्वास व्यक्त किया कि सुजानपुर टीहरा की इन युवा फुटबॉल खिलाड़ियों की सफलता हिमाचल प्रदेश की हजारों बेटियों को खेलों से जुड़ने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए बेहतर अवसर और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया।
इस दौरान टीम के साथ आए अधिकारियों एवं प्रबंधन से भी अनुराग सिंह ठाकुर ने संवाद किया। इनमें मेजर सुमरीन सक्सेना, एओ; राकेश राणा, स्पोर्ट्स इंचार्ज; राजवीर सिंह, टीम मैनेजर; आशा देवी, टीम कोच; तथा इरा बोध, टीम कप्तान सहित चैंपियनशिप विजेता टीम की खिलाड़ी मौजूद रहीं।
इस अवसर पर विंग कमांडर सतींदर सिंह धनखड़, मानद सचिव, सुब्रतो कप तथा वारंट ऑफिसर सुनील दीक्षित, इंटरनेशनल लायजन ऑफिसर एवं कोऑर्डिनेटर भी उपस्थित रहे।
मुलाकात के अंत में अनुराग सिंह ठाकुर ने पूरी टीम को सुब्रतो कप के लिए शुभकामनाएं दीं और खिलाड़ियों से हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व पूरे गर्व, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ करने का आह्वान किया।