भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के गलोड़ मंडल प्रवास के दौरान रविवार को मंडल में विभिन्न संगठनात्मक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रवास के दौरान जिला अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न बूथों का दौरा किया तथा संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। इस अवसर पर पूर्व जिला अध्यक्ष रघुवीर सिंह ठाकुर, प्रदेश भाजपा सचिव वंदना योगी, जिला महामंत्री अजय रिंटू, जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल, जिला सचिव राजिंदर सिंह, गलोड़ मंडल अध्यक्ष राकेश कुमार, जिला परिषद सदस्य रंजना देवी, युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष राम मोदगिल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
प्रवास का प्रमुख आकर्षण सुकराला गांव में आयोजित प्राकृतिक खेती कार्यशाला रही। कार्यशाला के दौरान भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रगतिशील किसान प्रकाश चंद के खेतों का भ्रमण कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती के विभिन्न सफल प्रयोगों का अवलोकन किया। प्रकाश चंद ने प्राकृतिक खेती के माध्यम से कम लागत में बेहतर उत्पादन, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने तथा रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर देशी संसाधनों के उपयोग की विस्तृत जानकारी साझा की। उपस्थित किसानों एवं कार्यकर्ताओं ने भी प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
राकेश ठाकुर ने कहा कि प्राकृतिक खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा ऐसे प्रगतिशील किसानों के अनुभव अन्य किसानों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इससे पूर्व प्रवास के दौरान पिपलाह मंदिर परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इसके बाद गांव टैहली में आयोजित 'मन की बात' कार्यक्रम को कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ सामूहिक रूप से सुना गया तथा प्रधानमंत्री के संदेशों पर चर्चा की गई।
दोपहर बाद लहड़ा में संगठनात्मक विषयों एवं विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन की आगामी गतिविधियों एवं बूथ स्तर पर जनसंपर्क को और सुदृढ़ करने पर विचार-विमर्श किया गया। प्रवास के अंतिम चरण में बड़हेड़ा स्थित मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, स्वच्छता, किसानों के सशक्तिकरण और समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा को निरंतर आगे बढ़ाना है।