भोरंज के सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग के बहुत अच्छे परिणाम : सुरेश कुमार
भोरंज के सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन कोचिंग के बहुत अच्छे परिणाम : सुरेश कुमार
सामान्य परिवारों के कई बच्चों ने मेडिकल कालेजों, एनआईटी और अन्य संस्थानों में पाया प्रवेश
विधायक ने सभी प्रधानाचार्यों और शिक्षकों को दिए इस व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश
स्थानीय विधायक सुरेश कुमार ने कहा है कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में विशेष रूप से आरंभ की गई निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा के बहुत ही अच्छे परिणाम सामने आ रहे हैं। क्षेत्र के सभी स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षक इस व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण और आवश्यक सुधार करने की दिशा में कार्य करें, ताकि सामान्य परिवारों के बच्चे भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। मंगलवार को यहां मिनी सचिवालय के सम्मेलन हॉल में भोरंज के सरकारी स्कूलों के प्रधानाचार्यों एवं प्रभारी शिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक के दौरान विधायक ने ये निर्देश दिए।
सुरेश कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सामान्य परिवारों के बच्चों को नीट और जेईई जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग की सुविधा प्रदान करने के लिए भोरंज विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष पहल की गई थी। इन स्कूलों के बच्चों के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा के बहुत ही अच्छे परिणाम आए हैं और कई बच्चों ने मेडिकल कालेजों, एनआईटी और अन्य प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश पाने में सफलता हासिल की है। इसके लिए सभी प्रधानाचार्य और शिक्षक भी बधाई के पात्र हैं।
विधायक ने कहा कि भोरंज के सरकारी स्कूलों में यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी और इसे नियमित रूप से अपडेट एवं अपग्रेड भी किया जाएगा, ताकि सामान्य परिवारों के बच्चे महंगे कोचिंग संस्थानों के बच्चों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकें। बैठक में विधायक ने प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों से निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था के संबंध में महत्वपूर्ण फीडबैक भी लिया।
इस अवसर पर एसडीएम शशिपाल शर्मा ने विधायक का स्वागत किया तथा कोचिंग की व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने भी अपने-अपने संस्थानों की रिपोर्ट के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे। बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय बन्याल भी उपस्थित रहे।