पट्टा में 5 स्कूलों के 151 विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया

पट्टा में 5 स्कूलों के 151 विद्यार्थियों को बांटी साइकिलें
क्षेत्र के पांच सरकारी स्कूलों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरवाड़, राजकीय माध्यमिक विद्यालय जख्योल, राजकीय प्राथमिक विद्यालय जख्योल और राजकीय माध्यमिक विद्यालय बलोखर के 151 विद्यार्थियों के लिए वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पट्टा में साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया। कैनरा रोबेको म्युचल फंड कंपनी की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि और ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष रामचंद्र पठानिया ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं। इससे प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में बहुत बड़ा सुधार देखने को मिल रहा है। साइकिल वितरण के कार्यक्रम के लिए कैनरा रोबेको म्युचल फंड कंपनी के बिजनेस प्रमुख अरुण सरीन की सराहना करते हुए रामचंद्र पठानिया ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को काफी सुविधा होगी और वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे। कार्यक्रम के विशेष अतिथि अरुण सरीन ने विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन एवं सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इससे पहले, मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्य तेज सिंह ने कहा कि साइकिल वितरण से विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी तथा उनकी शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ेगी। समारोह में सेवन स्टार इंटरनेशनल स्कूल भोटा की प्रबंध निदेशक शिखा सरीन, निदेशक कुलदीप सिंह गुलेरिया, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरवाड़ के प्रधानाचार्य शिशुपाल, राजकीय माध्यमिक विद्यालय बलोखर की प्रभारी किरण कुमारी, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।