हमीरपुर के विकास को नई पहचान देने वाले नेता हैं अनुराग सिंह ठाकुर : राजेंद्र सिंह राणा

अनुराग जी की उपलब्धियां अपार, कांग्रेस इसी लिए बेकरार: राजेंद्र राणा अनुराग ठाकुर की उपलब्धियों से घबराई कांग्रेस बोल रही गली-गली झूठ: विजय अग्निहोत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने निजी प्रयासों से प्रदेश को विकास की अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां दिलाईं: विजय अग्निहोत्री राकेश ठाकुर बोले: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हमीरपुर जिले में अभूतपूर्व कार्य हुए

हमीरपुर के विकास को नई पहचान देने वाले नेता हैं अनुराग सिंह ठाकुर : राजेंद्र सिंह राणा
भाजपा प्रदेश मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र सिंह राणा ने आज हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अपने कार्यकाल में विकास की ऐसी मजबूत नींव रखी, जिसके परिणाम आज भी पूरे संसदीय क्षेत्र को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखा, बल्कि विकास और जनसेवा को अपना मूल उद्देश्य बनाया। विकास के पैमाने पर अनुराग ठाकुर जी ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र नहीं बल्कि पूरे हिमाचल में इतने अभूतपूर्व कार्य किए जो कोई भी नहीं कर सका। राणा ने कहा कि “ सिर्फ हमीरपुर जिले के विकास में अनुराग सिंह ठाकुर जी का योगदान देखा जाए तो उनके प्रयासों से 24 मार्च 2022 को हमीरपुर में भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना हुई, जहां बैडमिंटन, बॉक्सिंग, जूडो, हॉकी, कुश्ती और एथलेटिक्स जैसी छह खेल विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलों के क्षेत्र में हिमाचल को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में अनुराग ठाकुर का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। धर्मशाला में विश्व स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम, नादौन का अमतर क्रिकेट ग्राउंड तथा एचपीसीए के माध्यम से ऋषि धवन, सुषमा वर्मा सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का उभरना इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि लगभग 700 करोड़ रुपये की लागत से धौलासिद्ध जलविद्युत परियोजना अंतिम चरण में है। हमीरपुर-धर्मपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगभग 1200 करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। मटौर-हमीरपुर-बिलासपुर-शिमला फोरलेन, किरतपुर-नेरचौक फोरलेन, मटौर से शिमला फोरलेन, नेरचौक फोरलेन तथा अवाहदेवी-धर्मपुर होते हुए हमीरपुर से सरकाघाट तक हरित कॉरिडोर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई गति दे रही हैं। उन्होंने बताया कि 1334 करोड़ रुपये की लागत से हमीरपुर-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-70 के चौड़ीकरण का कार्य भी स्वीकृत करवाया गया। राणा ने कहा कि अनुराग ठाकुर के प्रयासों से हमीरपुर में डायलिसिस सेंटर की स्थापना हुई, नादौन में केंद्रीय विद्यालय खुला तथा प्राकृतिक आपदा के समय केंद्र सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय से 11 हजार घरों और लगभग 2700 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों की स्वीकृति भी सुनिश्चित करवाई गई। पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता विजय अग्निहोत्री ने कहा कि अनुराग सिंह ठाकुर ने निजी प्रयासों से विकास की अनेक ऐतिहासिक उपलब्धियां क्षेत्र को दिलाईं। उन्होंने कहा कि 355 करोड़ रुपये की लागत से जोलसप्पड़ मेडिकल कॉलेज की मंजूरी अनुराग ठाकुर के विशेष प्रयासों का परिणाम थी, जिसका शिलान्यास 6 जून 2018 को तत्कालीन केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, तत्कालीन मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अनुराग ठाकुर द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर में पासपोर्ट सेवा केंद्र की स्थापना करवाई, सभी प्रमुख अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट उपलब्ध करवाए तथा 'एक से श्रेष्ठ' पहल के माध्यम से 500 विद्यालयों के 12 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध करवाई। सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा अस्पताल के माध्यम से 12 लाख से अधिक लोगों को निःशुल्क जांच, उपचार एवं दवाइयों की सुविधा दी गई। अग्निहोत्री ने कहा कि सांसद खेल महाकुंभ के माध्यम से एक लाख से अधिक युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला। सांसद भारत दर्शन योजना के अंतर्गत सैकड़ों मेधावी विद्यार्थियों को हवाई यात्रा के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण करवाकर उनके ज्ञान का विस्तार किया गया। 'हुनर से शिखर' कार्यक्रम के तहत 4600 महिलाओं को ब्यूटी एवं वेलनेस तथा 1000 महिलाओं को औषधीय मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया गया। पहाड़ी महिला संगीत कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 20 हजार महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला तथा हॉस्पिटेलिटी, बैकहो लोडर प्रशिक्षण एवं रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ा गया। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत हमीरपुर जिले में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई-1 एवं 2 के तहत 160 सड़कों के लिए 292.65 करोड़ रुपये, पीएमजीएसवाई-3 के अंतर्गत 27 परियोजनाओं के लिए 210.68 करोड़ रुपये तथा पीएमजीएसवाई-4 के तहत 1039.34 लाख रुपये स्वीकृत हुए। इसके अतिरिक्त सीआरआईएफ फंड के अंतर्गत नादौन एवं टौणीदेवी क्षेत्रों में 9010 लाख रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 1000 करोड़ रुपये की लागत से भिड़ा से रंगस बाइपास की मंजूरी भी अनुराग ठाकुर के प्रयासों का परिणाम है, जिसका सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है। इसके निर्माण से हमीरपुर शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी। भाजपा नेताओं ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हुए विकास कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि अनुराग सिंह ठाकुर ने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने कहा कि जनता विकास की राजनीति को पहचानती है और भविष्य में भी इसी आधार पर अपना समर्थन देगी।