निचले क्षेत्रों में बागवानी की क्रांति लाएगी एचपीशिवा परियोजना : सुनील शर्मा बिट्टू
निचले क्षेत्रों में बागवानी की क्रांति लाएगी एचपीशिवा परियोजना : सुनील शर्मा बिट्टू
हमीरपुर जिले के 200 गांवों में 15 अगस्त तक एक लाख फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने छबोट में किया पौधारोपण अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बुधवार को गांव छबोट में उद्यान विभाग द्वारा एचपीशिवा परियोजना के तहत पौधरोपण अभियान का शुभारंभ किया तथा स्वयं भी मौसंबी का पौधा लगाया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार एचपीशिवा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बागवानी की क्रांति ला रही है। इस परियोजना के तहत फल उत्पादन को बढ़ावा देने, किसानों की आय में वृद्धि करने तथा उच्च मूल्य वाली फल फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एचपीशिवा परियोजना किसानों के लिए आय के नए अवसर सृजित करने के साथ-साथ भूमि के सदुपयोग, आधुनिक बागवानी तकनीकों को बढ़ावा देने तथा प्रदेश में टिकाऊ कृषि एवं बागवानी प्रणाली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने किसानों से इस महत्वाकांक्षी परियोजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि एचपी-शिवा परियोजना के अंतर्गत 15 अगस्त तक जिले के लगभग 200 गांवों में एक लाख फलदार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि छबोट गांव में लगभग 3 हेक्टेयर क्षेत्र में 3000 मौसमी के पौधे लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत विभाग द्वारा किसानों को भूमि विकास, गुणवत्तायुक्त पौधरोपण सामग्री, सोलर फेंसिंग, सुनिश्चित सिंचाई अवसंरचना तथा ड्रिप सिंचाई प्रणाली उपलब्ध करवाई जा रही है। वहीं, पौधारोपण सहित अन्य सभी बागवानी संबंधी कार्य किसानों द्वारा उद्यान विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन में स्वयं किए जा रहे हैं, ताकि पौधों की बेहतर वृद्धि एवं परियोजना का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
सुनील शर्मा बिट्टू ने उद्यान विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एचपीशिवा परियोजना न केवल बागवानी क्षेत्र को नई दिशा देगी, बल्कि किसानों की आर्थिक समृद्धि, रोजगार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इससे पहले, उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश्वर परमार ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और स्थानीय बागवानों का स्वागत किया तथा एचपीशिवा परियोजना की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, उद्यान विभाग की एसएमएस डॉ. जीना पाटिल, एचडीओ डॉ. उषा, डॉ. आशा, डॉ. सूरज, विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, बीडीसी सदस्य रघुबीर सिंह, विभिन्न पंचायतों के जनप्रतिनिधि तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।