हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर द्वारा लोकसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेलवे अधोसंरचना के विस्तार और यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि 70 किलोमीटर लंबा नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक-कर्तोली ब्रॉडगेज रेलखंड पूरी तरह चालू हो चुका है, जबकि 52 किलोमीटर लंबे करतोली-तलवाड़ा-मुकेरियां ब्रॉडगेज रेलखंड का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। इस परियोजना के अंतर्गत बड़े एवं छोटे पुलों, रोड ओवर ब्रिज तथा रोड अंडर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है, जिससे यह महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर शीघ्र पूरा हो सके।
रेल मंत्री ने लोकसभा में दी गई जानकारी में बताया कि नंगल डैम-ऊना-दौलतपुर चौक रेल लाइन क्षेत्र के लिए जीवनरेखा बनकर उभरी है। इस रेल मार्ग से लोगों की आवाजाही आसान हुई है तथा व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को नई गति मिली है। उन्होंने बताया कि इस रेलखंड पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वित्त वर्ष 2023-24 में जहां 25.77 लाख यात्रियों ने इस मार्ग का उपयोग किया, वहीं वर्ष 2024-25 में यह संख्या बढ़कर 30.56 लाख तथा वर्ष 2025-26 में 31.87 लाख तक पहुंच गई।
अश्विनी वैष्णव ने बताया कि अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन अब हिमाचल प्रदेश का एक प्रमुख रेल हब बन चुका है, जहां से 20 रेल सेवाएं संचालित हो रही हैं। इन रेल सेवाओं के माध्यम से हिमाचल प्रदेश का सीधा संपर्क देश के 13 राज्यों से स्थापित हुआ है। नई दिल्ली, कोलकाता, गांधीनगर, हरिद्वार, हजूर साहिब नांदेड़, चंडीगढ़, अंबाला और सहारनपुर जैसे प्रमुख शहरों तक यात्रियों को सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध है। इस मार्ग पर नई दिल्ली-अंब अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस, जनशताब्दी एक्सप्रेस, कोलकाता एक्सप्रेस के साथ-साथ अंबाला कैंट-कर्तोली एक्सप्रेस तथा सहारनपुर पैसेंजर जैसी सेवाएं भी संचालित हो रही हैं।
रेल मंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अंब अंदौरा रेलवे स्टेशन का आधुनिक स्वरूप में पुनर्विकास किया गया है। स्टेशन पर नया भवन, आकर्षक प्रवेश द्वार, बेहतर पार्किंग एवं सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, उन्नत प्रकाश व्यवस्था तथा 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है, जिसमें लिफ्ट और रैंप की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य यात्रियों को सुगम एवं बाधारहित आवागमन की सुविधा मिल रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि ऊना हिमाचल और दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशनों पर भी उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म, प्लेटफॉर्म शेल्टर, फुट ओवर ब्रिज, प्रतीक्षालय तथा बेहतर यात्री सुविधाओं का विकास किया गया है, जिससे यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाया गया है।
लोकसभा में प्राप्त उत्तर पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में रेल संपर्क को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि अंब अंदौरा का प्रमुख रेल हब के रूप में विकसित होना तथा करतोली-तलवाड़ा-मुकेरियां रेल परियोजना का तेजी से निर्माण प्रदेश के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा। इससे क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा, यात्रा समय में कमी आएगी, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर सृजित होंगे।