झूठ का चश्मा उतारकर धरातल पर उतरें कांग्रेस नेता, तब दिखेगी बड़सर के रुके विकास कार्यों की हकीकत : संजीव शर्मा

भाजपा मंडल अध्यक्ष का पलटवार— विकास पर नहीं, दुष्प्रचार पर राजनीति कर रही कांग्रेस; सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, रोजगार और लंबित भर्तियों पर मांगा जवाब

झूठ का चश्मा उतारकर धरातल पर उतरें कांग्रेस नेता, तब दिखेगी बड़सर के रुके विकास कार्यों की हकीकत : संजीव शर्मा
भारतीय जनता पार्टी मंडल बड़सर के अध्यक्ष संजीव शर्मा ने विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल के विरुद्ध कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए जा रहे बयानों पर कड़ा पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता पहले "झूठ का चश्मा" उतारकर धरातल पर उतरें, तब उन्हें बड़सर विधानसभा क्षेत्र में रुके पड़े विकास कार्यों, बदहाल व्यवस्थाओं और जनता की वास्तविक समस्याओं की सच्चाई स्वयं दिखाई देगी। उन्होंने कहा कि जनता को गुमराह करने की राजनीति अब अधिक समय तक नहीं चलने वाली, क्योंकि बड़सर की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। संजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने ढाई वर्ष के कार्यकाल की विफलताओं को छिपाने के लिए विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल पर निराधार आरोप लगा रही है। कुछ कांग्रेस नेता जनहित के मुद्दे उठाने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी कर अपनी निजी ठेकेदारी और राजनीतिक अस्तित्व बचाने का प्रयास कर रहे हैं। यदि कांग्रेस के पास उपलब्धियां हैं तो वह आरोप-प्रत्यारोप छोड़कर अपना रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को स्पष्ट करना चाहिए कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में बड़सर विधानसभा क्षेत्र में कितनी नई सड़कों का निर्माण हुआ, कितनी सड़कों की टायरिंग हुई, कितनी पेयजल योजनाएं पूरी हुईं और कितनी विकास परियोजनाएं समय पर जनता को समर्पित की गईं। वास्तविकता यह है कि आज भी क्षेत्र की अनेक सड़कें बदहाल हैं और कई स्थानों पर गड्ढों को मिट्टी डालकर भरने की खानापूर्ति की जा रही है, जिससे आम लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल लगातार जनता के हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। धनेटा–बड़सर मार्ग, कुढ़ार–दियोटसिद्ध मार्ग तथा रैली–जजरी–अंदरोली सड़क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करवाने के लिए वे निरंतर सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी पैरवी कर रहे हैं। भाजपा विकास को अपना संकल्प मानती है, जबकि कांग्रेस केवल तैयार परियोजनाओं का श्रेय लेने में लगी हुई है। संजीव शर्मा ने कहा कि ₹137 करोड़ की बड़सर पेयजल योजना पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की देन है। इसी प्रकार PDNA के अंतर्गत बड़सर को प्राप्त सहायता भी भारत सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है। इन योजनाओं का श्रेय राज्य सरकार को देना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध के लगभग ₹65 करोड़ के सौंदर्यीकरण एवं आधारभूत ढांचा विकास की परियोजना का वित्तपोषण एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा किया जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की परिकल्पना, प्रस्ताव और स्वीकृति पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुई थी। वर्तमान सरकार इस परियोजना का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि तथ्य इसके बिल्कुल विपरीत हैं। संजीव शर्मा ने कहा कि PDNA के अंतर्गत स्वीकृत विकास कार्यों को राज्य सरकार की उपलब्धि बताना भी तथ्यों से परे है। इन निधियों की स्वीकृति भारत सरकार के गृह मंत्रालय (MHA) की उच्च स्तरीय केंद्रीय समिति द्वारा दी जाती है। ऐसे में केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत योजनाओं का श्रेय राज्य सरकार लेना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि बड़सर बस स्टैंड के लिए ₹2 करोड़ की स्वीकृति का प्रचार तो किया जा रहा है, लेकिन आज तक बस स्टैंड निर्माण के लिए भूमि का अंतिम आवंटन ही नहीं हो पाया। जब भूमि ही उपलब्ध नहीं है तो निर्माण कार्य कैसे शुरू होगा? कांग्रेस नेताओं को इसका जवाब जनता को देना चाहिए। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कांग्रेस नेताओं से यह भी पूछा कि हाल ही में आउटसोर्स के माध्यम से हुई नियुक्तियों में बड़सर विधानसभा क्षेत्र के कितने युवाओं को रोजगार मिला? यदि स्थानीय युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिले तो कांग्रेस नेताओं ने उनके हक में आवाज़ क्यों नहीं उठाई? उन्होंने कहा कि सोहारी, चंगर, कुल्हेड़ा, टांगर और बरला सहित अनेक गांवों में आज भी लोगों को 15 से 20 दिन के अंतराल में पेयजल मिल रहा है। सलौनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिछले छह महीनों से डॉक्टर विहीन है, भोटा अस्पताल की रात्रिकालीन स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं तथा कई सरकारी बस सेवाएं बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इन गंभीर जनसमस्याओं पर कांग्रेस नेताओं की चुप्पी बताती है कि उन्हें जनता की नहीं, केवल राजनीति की चिंता है। संजीव शर्मा ने जल शक्ति विभाग बड़सर में लगभग दो वर्ष पूर्व हुई भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख करते हुए पूछा कि इंटरव्यू के परिणाम आज तक घोषित क्यों नहीं किए गए? उन्होंने कहा कि हजारों बेरोजगार युवाओं का भविष्य अधर में लटका हुआ है, लेकिन कांग्रेस सरकार इस विषय पर पूरी तरह मौन है। अंत में संजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जितना चाहे दुष्प्रचार कर ले, लेकिन बड़सर की जनता सच्चाई से भली-भांति परिचित है। जनता सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास जैसे मूलभूत मुद्दों पर जवाब चाहती है। हाल ही में हुए पंचायती राज चुनावों में जनता कांग्रेस के भ्रामक प्रचार को नकार चुकी है और आने वाले समय में भी विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति को ही अपना आशीर्वाद देगी।