अपने ज्योतिष पर इतना भरोसा तो विधानसभा भंग कर चुनाव कराएं मुख्यमंत्री : राजेंद्र राणा

मुख्यमंत्री सुक्खू के बयान पर भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक का पलटवार कहा: शेख चिल्ली के सपने देखना बंद करें सी.एम., हिमाचल पुलिस को 'हमाचल' मत बनाओ, झूठे-फर्जी मुकद्दमे करने वाले अपनी बारी में सब सहने की शक्ति रखें

अपने ज्योतिष पर इतना भरोसा तो विधानसभा भंग कर चुनाव कराएं मुख्यमंत्री : राजेंद्र राणा
हमीरपुर: प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की "16 सीट" वाली भविष्यवाणी पर पलटवार करते हुए कहा कि *"अपने ज्योतिष पर इतना ही भरोसा है तो तुरंत विधानसभा भंग कर चुनाव कराएं। दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।" सर्किट हाउस हमीरपुर में मीडिया से बातचीत में राजेंद्र राणा ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश को भविष्यवाणी नहीं, डी.ए. और रोजगार चाहिए।" उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में प्रदेश भर में कांग्रेस की मिट्टी पलीद हुई है। खुद मुख्यमंत्री के गृह जिला और क्षेत्र में जिला परिषद की 19 सीटों में से कांग्रेस को सिर्फ 1 सीट मिली। "16 सीट का दावा करने वाले पहले नादौन की 19 में 1 सीट का हिसाब तो दे दें। अगर इतना ही ज्योतिष जानते हैं तो अपना जिला तो बचा लेते। नादौन की जनता ने ट्रेलर दिखा दिया है। विधानसभा चुनाव में नादौन से ही कांग्रेस के पतन की शुरुआत होगी।" राणा ने तंज कसते हुए कहा "दिल्ली में खाता नहीं खुला। हिमाचल में एक-आध आ भी गई तो बधाई देंगे। मित्रों के मुख्यमंत्री शेख चिल्ली की तरह मुंगेरी लाल के सपने दिन में देखना बंद करें। हिम्मत है तो जनता के बीच जाओ।"