चकमोह स्कूल में विद्यार्थियों को समझाई मतदान प्रक्रिया

ईएलसी गतिविधि के दौरान नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने दी मतदान की जानकारी

चकमोह स्कूल में विद्यार्थियों को समझाई मतदान प्रक्रिया
राजकीय उच्च विद्यालय चकमोह में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के तहत जागरूकता गतिविधि का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय के ईएलसी नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को बताया कि चुनाव के दौरान मतदाता मतदान केंद्र पर पहुंचकर किस प्रकार अपने मताधिकार का प्रयोग करता है। राकेश कुमार ने विद्यार्थियों को समझाया कि मतदान लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। मतदान के लिए मतदाता का नाम मतदाता सूची में होना जरूरी है। मतदान केंद्र पर पहुंचने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता की पहचान की जांच की जाती है और इसके बाद उसे मतदान करने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की प्रक्रिया के बारे में भी सरल तरीके से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का महत्व होता है और मतदाताओं को बिना किसी दबाव या प्रलोभन के अपने विवेक के आधार पर मतदान करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के महत्व के बारे में जागरुक करें। इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में चुनावी प्रक्रिया, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरुकता पैदा करना रहा। विद्यार्थियों ने भी मतदान से संबंधित विभिन्न सवाल पूछे, जिनका नोडल अधिकारी राकेश कुमार ने विस्तार से जवाब दिया। स्कूल की इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य में जिम्मेदार और जागरुक मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया।