जयपुर में लोक लेखा समिति के अध्ययन दौरे में अनुराग सिंह ठाकुर ने लिया भाग

आयुष्मान भारत, बैंकिंग सुधारों और सौर ऊर्जा परियोजनाओं की समीक्षा पर केंद्रित रही महत्वपूर्ण चर्चाएं

जयपुर में लोक लेखा समिति के अध्ययन दौरे में अनुराग सिंह ठाकुर ने लिया भाग
सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज जयपुर में लोक लेखा समिति (PAC) के महत्वपूर्ण अध्ययन दौरे में भाग लिया। इस दौरान केंद्र सरकार की प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं, बैंकिंग क्षेत्र में सुधारों तथा नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के प्रदर्शन एवं पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। दौरे के पहले सत्र में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय तथा राजस्थान सरकार के प्रतिनिधियों के साथ आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के क्रियान्वयन एवं प्रभावशीलता की समीक्षा की गई। इसके पश्चात वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग, भारतीय रिजर्व बैंक तथा विभिन्न सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय बैंकों के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशकों के साथ बैंकिंग क्षेत्र में सुधारों पर विचार-विमर्श हुआ। अपराह्न सत्र में अनुराग सिंह ठाकुर ने समिति के सदस्यों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सौर पार्कों और अल्ट्रा मेगा सौर ऊर्जा परियोजनाओं से संबंधित नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (C&AG) की रिपोर्ट संख्या 13, वर्ष 2025 के निष्पादन लेखा-परीक्षण पर अनौपचारिक चर्चा में भाग लिया। इस दौरान नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा राजस्थान रिन्यूएबल एनर्जी कॉरपोरेशन लिमिटेड (RRECL) के प्रतिनिधियों के साथ सौर ऊर्जा परियोजनाओं के क्रियान्वयन, कार्यक्षमता और पारदर्शिता से जुड़े पहलुओं पर विचार किया गया। यह अध्ययन दौरा स्वास्थ्य सेवाओं, बैंकिंग व्यवस्था और नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में केंद्र सरकार की योजनाओं एवं सुधारों के प्रभावी क्रियान्वयन, जवाबदेही और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने की दिशा में लोक लेखा समिति की संसदीय समीक्षा प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।