हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर कॉलेज खो-खो चैंपियनशिप बीते दिन यहां गौतम कॉलेज हमीरपुर में संपन्न हुई। इस चैंपियनशिप में कुल 18 टीमों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता में गौतम कॉलेज हमीरपुर, पीजी कॉलेज नाहन, पीजी कॉलेज रामपुर और गवर्नमेंट कॉलेज जुखाला की टीमें सेमीफाइनल में पहंुचीं।
फाइनल मुकाबले में गौतम कॉलेज हमीरपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। गवर्नमेंट कॉलेज जुखाला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि, नाहन कॉलेज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अन्य टीमों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
समापन समारोह में राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी के प्रधानाचार्य डॉ चंदन भारद्वाज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि, ढलियारा कालेज के प्रधानाचार्य डॉ सुशील भारद्वाज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने चैंपियनशिप के सफल आयोजन के लिए कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, आयोजकों और खिलाड़ियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करती हैं और खेलों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करती हैं।
इस अवसर पर गौतम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राज कुमार ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का हार्दिक स्वागत किया तथा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।
कॉलेज प्रबंधन की ओर से मैनेजिंग डायरेक्टर जगदीश गौतम, डॉ. रजनीश गौतम तथा अरुनीश गौतम सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शिक्षण स्टाफ ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह के अंत में चैंपियनशिप के समन्वयक डॉ. विनय ने सभी अतिथियों, कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों, आयोजकों, खिलाड़ियों तथा सहयोगी स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।