आरसेटी ने 32 महिलाओं को सिखाई मशरूम की खेती, मशरूम प्लांट का दौरा भी करवाया

आरसेटी ने 32 महिलाओं को सिखाई मशरूम की खेती, मशरूम प्लांट का दौरा भी करवाया
पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर द्वारा मशरूम की खेती पर आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर शनिवार को संपन्न हो गया। इस प्रशिक्षण शिविर में 32 महिलाओं ने भाग लेकर मशरूम की खेती के गुर सीखे। शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करते हुए संस्थान के निदेशक अजय कतना ने कहा कि आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे घर में सीमित जगह पर भी बड़े पैमाने पर मशरूम की खेती आरंभ कर सकती हैं। इसके लिए विभिन्न बैंकों से ऋण प्राप्त करने में आरसेटी भी उनकी मदद कर सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों से विभिन्न विभागों और बैंकों की ऋण एवं सब्सिडी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, पीपीएफ अकाउंट, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह भी किया। अजय कतना ने कहा कि शिविर की प्रतिभागियों को निशुल्क प्रशिक्षण के अलावा भोरंज उपमंडल के गांव मनोह के प्रसिद्ध शिव शक्ति मशरूम फार्म की एक्सपोजर विजिट भी करवाई गई। शिविर के समापन अवसर पर मूल्यांकनकर्ता रणजीत कलोत्रा, अमन कुमार, फैकल्टी मैंबर विनय चौहान और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।