सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया जागरुक

सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया जागरुक
सुरक्षित इंटरनेट दिवस (सेफर इंटरनेट डे) के उपलक्ष्य पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी कार्यालय ने मंगलवार को यहां हमीर भवन में एक कार्यशाला आयोजित की। एसडीएम संजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं। इस अवसर पर एसडीएम ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी की क्रांति और इंटरनेट के विस्तार से जहां हमें अपने मोबाइल एवं कंप्यूटर पर ही कई सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं, वहीं साईबर अपराध जैसी बड़ी चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं। इन साईबर अपराधों से बचने के लिए हमें इंटरनेट एवं ऑनलाइन सेवाओं का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि आम लोगों को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग और ऑनलाइन सुरक्षा के प्रति जागरुक करने के उद्देश्य से ही हर साल फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व भर में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के रूप में मनाया जाता है। कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के अधिकारियों ने प्रतिभागी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इंटरनेट से सुरक्षित उपयोग और साईबर अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी।