समीरपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाया "एक पेड़ मां के नाम"; जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायकों सहित जिला व मंडलों के पदाधिकारी भी रहे मौजूद

इंदरदत्त लखनपाल की अगुवाई में बड़सर से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने पूर्व मुख्यमंत्री से लिया आशीर्वाद सुजानपुर के नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने भी धूमल से की मुलाकात

समीरपुर में विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाया "एक पेड़ मां के नाम"; जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, पूर्व विधायकों सहित जिला व मंडलों के पदाधिकारी भी रहे मौजूद
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज समीरपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने की। इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान सहित भाजपा के जिला एवं विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास और भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प लिया गया। उपस्थित नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया "एक पेड़ मां के नाम" अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है। सभी कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान भी किया गया। वहीं बड़सर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों गुरदीप सिंह, विकास कुमार, रमेश्वर दत्त तथा रेणु बाला ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उनके साथ भाजपा नेता इंदरदत्त लखनपाल भी उपस्थित रहे। इंदरदत्त लखनपाल ने कहा कि पंचायत राज संस्थाओं में जनता ने जिन प्रतिनिधियों को चुनकर भेजा है, वे विकास और जनसेवा की नई उम्मीदों का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल का मार्गदर्शन और आशीर्वाद जनप्रतिनिधियों को जनसेवा के पथ पर और अधिक मजबूती प्रदान करेगा। वहीं सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य तृप्ता देवी, आशा देवी तथा मनजीत सिंह सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने भी प्रो. प्रेम कुमार धूमल से मुलाकात कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस दौरान सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के दोनों मंडल अध्यक्ष विक्रम राणा एवं जसवंत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने प्रो. धूमल से क्षेत्र के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पंचायत राज संस्थाओं की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने संबंधी विषयों पर चर्चा की। प्रो. धूमल ने सभी जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा जनता के विश्वास को कायम रखने का आह्वान किया।