सुक्खू की कांग्रेस सरकार हिमाचल में गांधी परिवार का ‘पर्सनल एटीएम’ बनकर रह गई है: राकेश ठाकुर

प्रदेश सरकार हर स्तर पर भ्रष्टाचार में लिप्त; उजागर करने वालों को दबाने के लिए सरकार ले रही पुलिस का सहारा: विक्रम बन्याल

सुक्खू की कांग्रेस सरकार हिमाचल में गांधी परिवार का ‘पर्सनल एटीएम’ बनकर रह गई है: राकेश ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सुक्खू सरकार हिमाचल प्रदेश को गांधी परिवार का “पर्सनल एटीएम” बनाकर चला रही है। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रदेश के पेंशनरों को पेंशन नहीं मिल रही, कर्मचारियों को वेतन व बकाया एरियर नहीं दिए जा रहे, ठेकेदारों के भुगतान लंबे समय से रोके हुए हैं, वहीं दूसरी ओर शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी आपसी खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी आपस में गुटबाजी कर रहे हैं और एक-दूसरे पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगा रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उनके मंत्री इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि एक मौजूदा मुख्य सचिव अपने पूर्ववर्तियों पर इतने गंभीर आरोप लगा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि ऐसे समय में जब प्रदेश सरकार पेंशनरों और कर्मचारियों को समय पर भुगतान करने में असमर्थ है, उसी वक्त वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा वित्तीय अनियमितताओं पर अपनी-अपनी सफ़ाई देना दर्शाता है कि सरकार का पूरा ध्यान जनहित से हटकर सत्ता और धन के दुरुपयोग पर केंद्रित हो चुका है। राकेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश की जनता को गांधी परिवार का एटीएम बनाकर रख दिया है। प्रदेश के लोगों से वसूली कर कांग्रेस हाईकमान और गांधी परिवार तक धन पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हाल ही में केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में 10 रुपये की कटौती के बावजूद प्रदेश सरकार ने कीमतों में राहत देने के बजाय उन्हें बढ़ा दिया, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ पड़ा है। वहीं जिला मीडिया प्रभारी विक्रमजीत सिंह बन्याल ने अपने बयान में कहा कि प्रदेश सरकार हर स्तर पर भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन में लिप्त है। यदि कोई व्यक्ति इन अनियमितताओं को उजागर करने का प्रयास करता है, तो सरकार और कांग्रेस नेता उसे झूठे मामलों में फंसाने के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा ही एक मामला हमीरपुर में भी सामने आया है, जहां भाजपा के सुजानपुर मंडल के मीडिया प्रभारी को पुलिस द्वारा बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब सुजानपुर मंडल के मीडिया प्रभारी ने तथ्यों के साथ एक बड़े कांग्रेसी नेता, जो मुख्यमंत्री के सर्वाधिक करीबी और उनके अहम सलाहाकार भी हैं, पर आरोप लगाया कि उनके द्वारा वर्षों से एक गरीब परिवार द्वारा उपयोग की जा रही सरकारी भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है, तो उसे दबाने और डराने के लिए पुलिस का सहारा लिया जा रहा है और उसके ऊपर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं। विक्रमजीत सिंह बन्याल ने कहा कि भाजपा ऐसे हर अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ मजबूती से खड़ी रहेगी और जनता की आवाज को दबाने के हर प्रयास का पुरजोर विरोध करेगी।