विश्व के सबसे शक्तिशाली और लोकप्रिय नेता हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: राकेश ठाकुर

राहुल गांधी देश की छवि को विदेशों में धूमिल करने का अभियान चला रहे: राकेश ठाकुर

विश्व के सबसे शक्तिशाली और लोकप्रिय नेता हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: राकेश ठाकुर
भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने जारी बयान में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज विश्व के सबसे शक्तिशाली और लोकप्रिय नेता के रूप में स्थापित हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक दावा नहीं, बल्कि वैश्विक मंचों पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा, कूटनीतिक उपलब्धियों और जनसमर्थन के ठोस आंकड़ों से प्रमाणित तथ्य है। राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। G20 की अध्यक्षता के दौरान भारत ने नई दिल्ली घोषणा के माध्यम से वैश्विक सहमति स्थापित कर विश्व को एकजुटता का संदेश दिया। भारत ने वैश्विक दक्षिण की आवाज को सशक्त मंच प्रदान किया और अफ्रीकी संघ को स्थायी सदस्यता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने यूनाइटेड नेशंस में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की मान्यता दिलाकर भारत की सांस्कृतिक शक्ति को विश्व पटल पर स्थापित किया। अंतर्राष्ट्रीय सोलर अलायन्स के माध्यम से भारत ने स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व प्रदर्शित किया। राकेश ठाकुर ने कहा कि भारत की विदेश नीति आज संतुलित, निर्णायक और प्रभावशाली है। अमरीका, रूस, इजराइल, फ़्रांस और खाड़ी देशों के साथ भारत के संबंध अभूतपूर्व रूप से मजबूत हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से उल्लेख किया कि इसरायली "नेसेट" द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया गया अभिनंदन ऐतिहासिक था, जो किसी भी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए पहली बार हुआ। यह भारत की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोशल मीडिया पर भी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में अग्रणी हैं। उनके एक्स (ट्विटर) पर 100 मिलियन से अधिक, इंस्टाग्राम पर 90 मिलियन से अधिक और फेसबुक पर 50 मिलियन से अधिक अनुयायी हैं। यह संख्या डोनाल्ड ट्रम्प और व्लादिमीर पुतिन जैसे विश्व नेताओं से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि यह लोकप्रियता केवल डिजिटल नहीं, बल्कि जनविश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी देश के अत्यंत लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उनके एक्स पर 25 मिलियन से अधिक, इंस्टाग्राम पर 10 मिलियन से अधिक तथा फेसबुक पर करोड़ों अनुयायी हैं, जो उनकी जनस्वीकृति को दर्शाते हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि जहां एक ओर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक मंच पर सम्मान अर्जित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी और उसके नेता देश की छवि को धूमिल करने में लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गाँधी देश और विदेश में दिए गए अपने बयानों से भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं और छवि पर प्रश्नचिह्न लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि विदेश दौरों के दौरान राहुल गांधी द्वारा भारत की न्यायपालिका, लोकतंत्र और आर्थिक नीतियों पर दिए गए नकारात्मक वक्तव्य देशहित के विपरीत हैं। राकेश ठाकुर ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय एआई सम्मेलन के दौरान यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया हंगामा अत्यंत शर्मनाक था। इस कृत्य की न केवल आम जनता ने आलोचना की, बल्कि कांग्रेस के सहयोगी दलों और स्वयं कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने भी इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह दर्शाता है कि कांग्रेस नेतृत्व अपने कार्यकर्ताओं पर नियंत्रण खो चुका है। राकेश ठाकुर ने कहा कि आज देश की जनता विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा की राजनीति को समर्थन दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर, शक्तिशाली और विश्व में अग्रणी राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष केवल नकारात्मकता और भ्रम की राजनीति में उलझा हुआ है।