बड़सर के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने प्रशासन पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से चुने हुए जनप्रतिनिधियों को निशाना बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधानों, उपप्रधानों, जिला परिषद सदस्यों तथा अन्य निर्वाचित प्रतिनिधियों के विरुद्ध योजनाबद्ध तरीके से प्रशासनिक कार्रवाई कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। यह केवल जनप्रतिनिधियों का उत्पीड़न नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनता के जनादेश का भी खुला अपमान है।
लखनपाल ने आरोप लगाया कि जनता द्वारा बार-बार नकारे गए कुछ राजनीतिक लोग मुख्यमंत्री के नाम का दुरुपयोग कर प्रशासनिक अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं। उनके प्रभाव में एक ही मामलों में बार-बार जमीनों की निशानदेही करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि जब तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो चुकी हो, तब दोबारा-दोबारा कार्रवाई करवाने का उद्देश्य न्याय नहीं, बल्कि राजनीतिक प्रताड़ना और छवि धूमिल करना है।
उन्होंने कहा कि हैरानी की बात यह है कि बरसात के मौसम में, जब सामान्यतः राजस्व विभाग इस प्रकार की कार्रवाई से बचता है, तब भी अधिकारियों को दलबल के साथ मौके पर भेजा जा रहा है। कई मामलों में संबंधित पक्षों को पूर्व सूचना तक नहीं दी जाती, जो प्राकृतिक न्याय और प्रशासनिक प्रक्रिया दोनों के विपरीत है।
विधायक ने कहा कि एक ओर आम लोगों के इंतकाल, सीमांकन, प्रमाण-पत्र, राजस्व मामलों और विकास कार्यों की फाइलें लंबे समय तक लंबित रहती हैं, जबकि राजनीतिक दुर्भावना से जुड़े मामलों में असाधारण तेजी दिखाई जाती है। इससे प्रशासन की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े हो रहे हैं।
लखनपाल ने अधिकारियों से संविधान, कानून और सेवा नियमों के अनुरूप निष्पक्ष होकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि वे किसी राजनीतिक दबाव में एजेंट की भूमिका न निभाएं। सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन अधिकारियों की जवाबदेही हमेशा रहती है। यदि किसी अधिकारी द्वारा अधिकारों का दुरुपयोग या राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित कार्रवाई की गई तो ऐसे मामलों को उचित मंचों पर उठाया जाएगा तथा आवश्यक कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा बड़सर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक जनप्रतिनिधि और आम नागरिक के सम्मान एवं अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती से खड़ी है। यदि प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में कार्य करना बंद नहीं किया और निष्पक्षता सुनिश्चित नहीं की, तो भारतीय जनता पार्टी बड़सर से व्यापक जनआंदोलन का शुभारंभ करेगी। इस मुद्दे पर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता की व्यापक भागीदारी होगी।
इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सर्वोपरि है और जनता के अधिकारों तथा जनादेश का अपमान किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। भाजपा इस लड़ाई को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सड़क से लेकर सदन तक पूरी ताकत के साथ लड़ेगी।