महिला मंडल दशमल से किया वादा निभाया, नरेश कुमार दर्जी ने भेंट की आवश्यक सामग्री

महिला मंडल दशमल से किया वादा निभाया, नरेश कुमार दर्जी ने भेंट की आवश्यक सामग्री
पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) ने भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दशमल में महिला मंडल दशमल के आग्रह पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचकर महिला मंडल को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न उपयोगी सामग्री भेंट की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान और सशक्तिकरण समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। कार्यक्रम में पंचायत के प्रधान, उपप्रधान, सचिव, कोषाध्यक्ष तथा महिला मंडल की सभी सम्मानित सदस्यों की उपस्थिति में नरेश कुमार दर्जी ने महिला मंडल को 20 कुर्सियां, 10 गद्दे, 2 बड़े आकार की गैस भट्ठियां तथा एक ढोलकी एवं चिमटा भेंट किया। इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि जब वे पूर्व में महिला मंडल की बैठक में शामिल हुए थे, तब उन्होंने महिला मंडल की बहनों से उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सामग्री उपलब्ध करवाने का वादा किया था। आज उसी वादे को पूरा करते हुए उन्हें अत्यंत संतोष और खुशी का अनुभव हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिला मंडल गांव की सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। यदि महिला मंडलों को आवश्यक सुविधाएं और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, तो वे समाज में जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास की दिशा में और अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। नरेश कुमार दर्जी ने महिला मंडल की सभी सदस्यों का स्नेह और विश्वास के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जीवन का संकल्प है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी भोरंज विधानसभा क्षेत्र के गांवों में महिला मंडलों और सामाजिक संगठनों को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। कार्यक्रम के अंत में महिला मंडल की सदस्यों ने नरेश कुमार दर्जी का आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग की सराहना की और इसे गांव की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण योगदान बताया।