मोदी सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने पर भोरंज विधानसभा में अनुराग सिंह ठाकुर का विशेष जनसंपर्क अभियान
मोदी सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने पर भोरंज विधानसभा में अनुराग सिंह ठाकुर का विशेष जनसंपर्क अभियान
समीरपुर में सुबह से शाम तक जनसमस्याओं को लेकर जनता से हुए रुबरु; निवारण के लिए अधिकारियों को दिए दिशानिर्देश
बड़सर और हमीरपुर विधानसभाओं के नवनिर्वाचित जिला परिषद, बीडीसी एवं पंचायती राज प्रतिनिधियों ने अनुराग सिंह ठाकुर से की मुलाकात
मोदी सरकार के गौरवमयी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित "विशेष जनसंपर्क अभियान" के अंतर्गत आज पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने इलाके की समीरपुर, बगवाड़ा, दाड़ी और पंजोत पंचायतों के समीरपुर, बगवाड़ा, सामलेडा, दाड़ी, घराण, पंजोत और ललियार में जनसंपर्क कर आमजन से संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों, उपलब्धियों एवं विकासात्मक योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई तथा विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।
इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्के घर मिले हैं, उज्ज्वला योजना ने गरीब माताओं को धुएं से मुक्ति दिलाई है, आयुष्मान भारत योजना के तहत करोड़ों नागरिकों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है, जल जीवन मिशन ने गांव-गांव तक नल से जल पहुंचाने का कार्य किया है, पीएम किसान सम्मान निधि के माध्यम से किसानों को प्रतिवर्ष आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है तथा भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन ऐतिहासिक निर्णयों और योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और विदेश में भारतीयों से मिल रहा असीम स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद इस बात का प्रमाण है कि देश का विश्वास आज भी केवल मोदी की गारंटी पर कायम है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी, पारदर्शिता और सेवा भाव के आधार पर केंद्र सरकार ने विकास को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया है।
इसके बाद समीरपुर प्रवास के दौरान अनुराग सिंह ठाकुर सुबह से शाम तक क्षेत्र के विभिन्न भागों से आए लोगों से रूबरू हुए और सड़क, पेयजल, विद्युत, राजस्व तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों पर उनकी समस्याओं व मांगों को गंभीरता से सुना। अनुराग सिंह ठाकुर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशानिर्देश जारी करते हुए जनसमस्याओं के शीघ्र एवं प्रभावी निवारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वहीं, बड़सर विधानसभा क्षेत्र के पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित विजयी प्रत्याशियों रेणु बाला, रामेश्वर दत्त, गुरदीप सिंह तथा विकास कुमार सहित भाजपा के समर्पित कार्यकर्ताओं ने बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल की अगुवाई में अनुराग सिंह ठाकुर से भेंट कर अपनी जीत की खुशी साझा की। इस दौरान क्षेत्र के विकास, संगठन की मजबूती तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
अनुराग सिंह ठाकुर ने पंचायत चुनावों में ऐतिहासिक विजय के लिए सभी विजयी प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के अटूट विश्वास, कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और संगठन की मजबूत नींव का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगे।
इसी कड़ी में हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा समर्थित विजयी जिला परिषद प्रत्याशियों सुरेश सोनी, सोनी कुमार और रोहित शर्मा ने भी मंडल अध्यक्ष श्रीपाल शर्मा की अगुवाई में अनुराग सिंह ठाकुर से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी नव-निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है और अब समय जनता की सेवा का है। उन्होंने कहा कि सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को चुनावी प्रतिस्पर्धा और व्यक्तिगत मतभेदों को पीछे छोड़कर विकास, पारदर्शिता और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनका सर्वोच्च दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए तथा विकास कार्यों को पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ आगे बढ़ाना चाहिए।