बणी पंचायत के मंगरोली गांव की शिव मंदिर समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने समिति अध्यक्ष सुरेश बन्याल की अगुवाई में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ नागरिक हरिचंद बन्याल, सरबण सिंह बन्याल, रणबीर सिंह बन्याल, रघुवीर सिंह बन्याल, दुनी चंद, करतार चंद तथा सरबजीत सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
भेंट के दौरान मंदिर समिति के वरिष्ठतम सदस्य 96 वर्षीय हरिचंद बन्याल ने अनुराग ठाकुर के साथ प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री कार्यकाल से जुड़ी अनेक स्मृतियां और आत्मीय प्रसंग साझा किए। उन्होंने उस दौर के विकास कार्यों तथा जनता से जुड़े अनुभवों का भी उल्लेख किया।
प्रतिनिधिमंडल ने अनुराग ठाकुर को मंगरोली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में पधारने का सादर निमंत्रण दिया। इस अवसर पर सदस्यों ने कहा कि अनुराग ठाकुर से यह उनकी पहली औपचारिक मुलाकात थी, लेकिन जिस आत्मीयता, विनम्रता और सम्मान के साथ उन्होंने सभी का स्वागत किया, उससे वे अत्यंत प्रभावित हुए। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में इतने बड़े पदों पर रहने के बावजूद अनुराग ठाकुर का सहज और सौम्य व्यवहार उनकी विशिष्ट पहचान है तथा आम लोगों के प्रति उनका सम्मान भाव उन्हें अन्य नेताओं से अलग बनाता है।
मंदिर समिति के सदस्यों ने क्षेत्र और मंदिर से जुड़ी विभिन्न आवश्यकताओं एवं मांगों को भी सांसद के समक्ष रखा। अनुराग ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विषयों में यथासंभव सहयोग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं समाज को जोड़ने तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। ऐसे संगठनों के सहयोग और सुझाव विकास कार्यों को नई दिशा देने में सहायक सिद्ध होते हैं।