पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने संसद भवन में लोक लेखा समिति की बैठक के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब आज आम आदमी पार्टी के कुशासन, नशे, गैंगस्टर संस्कृति और अराजकता से मुक्ति चाहता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता सुशासन और विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर आशा भरी निगाहों से देख रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि पंजाब को ड्रग्स, बढ़ते कर्ज और गैंगस्टर संस्कृति ने गंभीर नुकसान पहुंचाया है। राज्य अराजकता और माफियाराज से मुक्त होकर विकास के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी ने अपने-अपने शासनकाल में पंजाब के विकास के बजाय राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी, जिसके कारण पिछले डेढ़ दशक में राज्य प्रगति के बजाय अपराध और अव्यवस्था की ओर धकेला गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने बारी-बारी से सभी दलों को अवसर दिया, लेकिन कोई भी पंजाब के हितों की रक्षा करने में सफल नहीं रहा। ऐसे में आज भाजपा ही जनता के लिए एक सशक्त विकल्प के रूप में सामने है। उन्होंने कहा कि पंजाब की दरकार डबल इंजन की सरकार है। यदि देश को नक्सलवाद से मुक्त किया जा सकता है, तो पंजाब को भी गैंगस्टर और नशा मुक्त बनाया जा सकता है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि झूठे वादों के आधार पर सत्ता में आई आम आदमी पार्टी के जाने का समय आ चुका है। उन्होंने कहा कि कोई बेअदबी कर रहा है तो कोई वादाखिलाफी, लेकिन किसी को पंजाब की चिंता नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का आचरण विधानसभा से लेकर सार्वजनिक जीवन तक गरिमा के अनुरूप नहीं है और सत्ता में बने रहने के लिए आम आदमी पार्टी किसी भी स्तर तक गिर सकती है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता आगामी चुनावों में इस सरकार को विदाई देने का मन बना चुकी है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा पंजाब और पंजाबियत का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य भाजपा सरकार के दौरान हुए हैं। नए राष्ट्रीय राजमार्गों और सुपर एक्सप्रेसवे परियोजनाओं को गति मिली है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने करतारपुर साहिब कॉरिडोर का उद्घाटन किया, हेमकुंड साहिब तक रोपवे परियोजना को आगे बढ़ाया तथा चारधाम यात्रा को अधिक सुगम बनाया। गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को भव्य रूप से मनाया गया तथा साहिबजादों के बलिदान दिवस को वीर बाल दिवस के रूप में मनाने की परंपरा शुरू की गई।
उन्होंने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन भी मोदी सरकार के दौरान किया गया। अफगानिस्तान में सिख समुदाय पर संकट के समय भारत सरकार ने विशेष उड़ानों के माध्यम से गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों तथा सिख परिवारों को सुरक्षित भारत लाने का कार्य किया।