दाड़ी और बीड़ बगेहड़ा पंचायतों की नई चुनी गई टीमों ने प्रो. प्रेम कुमार धूमल से लिया आशीर्वाद; जनविश्वास को विकास के संकल्प में बदलने का आह्वान

धूमल बोले: अब चुनावी प्रतिस्पर्धा को पीछे छोड़ सभी को साथ लेकर नए मानदंड स्थापित करने का समय

दाड़ी और बीड़ बगेहड़ा पंचायतों की नई चुनी गई टीमों ने प्रो. प्रेम कुमार धूमल से लिया आशीर्वाद; जनविश्वास को विकास के संकल्प में बदलने का आह्वान
पंचायती राज संस्थाओं के नव निर्वाचित जनप्रतिनिधियों द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से आशीर्वाद प्राप्त करने का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में शनिवार को ग्राम पंचायत दाड़ी तथा ग्राम पंचायत बीड़ बगेहड़ा के नव निर्वाचित प्रतिनिधिमंडलों ने समीरपुर स्थित आवास पर प्रो. धूमल से शिष्टाचार भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। ग्राम पंचायत दाड़ी से नव निर्वाचित प्रधान कृष्ण चंद, उपप्रधान मनोज कुमार तथा पंचायत के नव निर्वाचित वार्ड सदस्य प्रो. धूमल से मिलने पहुंचे। वहीं ग्राम पंचायत बीड़ बगेहड़ा से नव निर्वाचित प्रधान अंजना ठाकुर, उपप्रधान तारा चंद राणा तथा वार्ड पंचों ने भी उनसे भेंट कर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि पंचायत चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि गांवों के भविष्य की दिशा तय करने का लोकतांत्रिक अवसर होता है। जनता ने जिन प्रतिनिधियों पर विश्वास व्यक्त किया है, वह सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। अब समय चुनावी प्रतिस्पर्धा को पीछे छोड़कर पूरे गांव को साथ लेकर विकास, पारदर्शिता और जनसेवा के नए मानदंड स्थापित करने का है। उन्होंने कहा कि पंचायतों की सफलता का आकलन भवनों और योजनाओं से नहीं, बल्कि आम नागरिक के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से होगा। एक अच्छा जनप्रतिनिधि वही होता है जो लोगों की समस्याओं को अपनी जिम्मेदारी समझे और विकास को राजनीतिक सीमाओं से ऊपर रखकर कार्य करे। उन्होंने नव निर्वाचित टीमों से अपेक्षा जताई कि वे गांवों में सौहार्द, सहभागिता और सुशासन की ऐसी मिसाल प्रस्तुत करें जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने। प्रो. धूमल ने सभी नव निर्वाचित प्रधानों, उपप्रधानों और वार्ड सदस्यों को उनके उज्ज्वल एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपनी-अपनी पंचायतों को विकास और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।