डॉ. मोहन लाल ने भूंपल में बताईं ओबीसी वित्त एवं विकास निगम की योजनाएं

डॉ. मोहन लाल ने भूंपल में बताईं ओबीसी वित्त एवं विकास निगम की योजनाएं
हिमाचल प्रदेश पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम कांगड़ा ने वीरवार को ग्राम पंचायत लाहड़ कोटलू (भूंपल) में ऋण जागरुकता शिविर आयोजित किया, जिसमें निगम के उपाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर डॉ. मोहन लाल ने क्षेत्रवासियों को निगम की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि अपना कारोबार आरंभ करने के इच्छुक पिछड़ा वर्ग के लोगों को रियायती ब्याज दरों पर 10 लाख रुपये तक का टर्म लोन मिल सकता है। इसी प्रकार, इस वर्ग के बच्चों की उच्च एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए भी 10 लाख रुपये तक के शिक्षा ऋण का प्रावधान है। पिछड़ा वर्ग के बीपीएल परिवार की महिलाओं को स्वर्णिमा योजना के तहत एक लाख रुपये तक का ऋण मिल सकता है। चिकित्सा क्लीनिक, नर्सिंग होम, लैब, वकील, आर्किटेक्ट, सीए और अन्य सेवाओं के कार्यालय स्थापित करने के लिए भी 10 लाख रुपये तक के ऋण की सुविधा प्रदान की जा रही है। डॉ. मोहन लाल ने कहा कि इन सभी योजनाओं के लिए 3 लाख रुपये से कम सालाना आय वाले पिछड़ा वर्ग के परिवारों के लोग पात्र हैं। इनकी आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि 36 हजार रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के बच्चों को निगम की ओर से 75 हजार रुपये तक ब्याज रहित ऋण भी मिल सकता है। उन्होंने बताया कि इन सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी जिला कल्याण अधिकारी कार्यालय और अनुसूचित जाति एवं जनजाति विकास निगम के जिला प्रबंधक कार्यालय में भी उपलब्ध करवाई जाती है। कांगड़ा स्थित पिछड़ा विकास निगम के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01892-264326, 264334, 264329 और 262282 पर भी संपर्क किया जा सकता है। नादौन विधानसभा क्षेत्र की चर्चा करते हुए डॉ. मोहन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू इसी क्षेत्र से संबंध रखते हैं जोकि प्रत्येक नादौनवासी के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नादौन विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश का चहुमुखी विकास हो रहा है और प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए बहुत ही सराहनीय योजनाएं लागू कर रही है। इस अवसर पर निगम के उप महाप्रबंधक सतीश ठाकुर और अन्य अधिकारियों ने भी लोगों को विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया। शिविर में पूर्व प्रधान विपिन कुमार, पूर्व बीडीसी सदस्य मोती राम, कैप्टन जगरनाथ, रेणु शर्मा, लक्ष्मी देवी, रीता देवी, संदीप सोनी, धर्मपाल, सुरेंद्र कुमार, डॉ. श्याम शर्मा, पूर्ण सोनी, वीना देवी, विनीत कौशल, संदीप कुमार, अनिल कौशल और बड़ी संख्या में अन्य स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।