एचआरटीसी बस रूट बंद होने के विरोध में भाजपा का धरना-प्रदर्शन, जनहित में सेवाएं बहाल करने की मांग

एचआरटीसी बस रूट बंद होने के विरोध में भाजपा का धरना-प्रदर्शन, जनहित में सेवाएं बहाल करने की मांग
भारतीय जनता पार्टी द्वारा मंगलवार को भोटा के समीप पटेरा चौक पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवाओं में लगातार की जा रही कटौती के विरोध में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। धरने के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की नीतियों, डीजल की कमी और निगम की बसों के उचित रखरखाव के अभाव के कारण एचआरटीसी की सेवाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं। इसके परिणामस्वरूप अनेक बस रूटों को जबरन बंद किया जा रहा है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में झरनोट से अवाहदेवी तथा जाहू से झरनोट बस रूटों को भी बंद कर दिया गया है। इन रूटों पर निर्भर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से दैनिक जीवन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए बंद किए गए सभी बस रूटों को शीघ्र प्रभाव से पुनः बहाल किया जाए तथा एचआरटीसी की बिगड़ती स्थिति को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि जनता की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो पार्टी और स्थानीय लोग भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप देंगे। धरने में उपस्थित लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर और नियमित परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई।