ई-केवाईसी के साथ ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं सभी कामगार : नरदेव सिंह कंवर

कामगार कल्याण बोर्ड की सभी 14 योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में होगी आसानी

ई-केवाईसी के साथ ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं सभी कामगार : नरदेव सिंह कंवर
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर ने निर्माण कार्यों से जुड़े प्रदेश के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे बोर्ड में अपनी ई-केवाईसी करवाने के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रालय के ई-श्रम पोर्टल पर भी अपना ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएं, ताकि वे भविष्य में बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का भरपूर लाभ उठा सकें। सावन के पवित्र माह के उपलक्ष्य पर वीरवार को यहां बोर्ड के मुख्यालय के परिसर में शिवलिंग की स्थापना एवं प्रतिष्ठा के बाद पत्रकारों के साथ अनौपचारिक बातचीत में नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरुरतमंद श्रमिकों तक पहुंचाने तथा इसमें पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड ने व्यापक कदम उठाए हैं। इसी कड़ी में, प्रदेश भर में सभी पंजीकृत श्रमिकों की वेरिफिकेशन एवं ई-केवाईसी की जा रही है। पंजीकृत श्रमिक अपने आधार कार्ड और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ श्रम कल्याण अधिकारी कार्यालय में जाकर अपनी ई-केवाईसी निशुल्क करवा सकता है। उन्होंने बताया कि श्रमिक स्वयं या लोक मित्र केंद्र पर जाकर ई-श्रम पोर्टल पर अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के बाद वे बोर्ड की सभी 14 कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। नरदेव सिंह कंवर ने बताया कि सभी जिलों के श्रम कल्याण अधिकारियों को श्रमिकों को ई-केवाईसी करवाने और ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण के प्रति जागरुक करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सभी पात्र श्रमिक बोर्ड की योजनाओं का लाभ उठा सकें।