अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 वर्ष पूर्ण करने पर दी बधाई, लोकसभा में पश्चिम एशिया संकट पर दिए संबोधन की सराहना

अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 25 वर्ष पूर्ण करने पर दी बधाई, लोकसभा में पश्चिम एशिया संकट पर दिए संबोधन की सराहना
अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश में निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूर्ण करने और पूर्व सिक्किम मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग का रिकॉर्ड पार करने पर बधाई दी। 8,931 दिनों के कार्यकाल के साथ, गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को मिलाकर नरेंद्र मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले सरकार प्रमुख बन गए हैं, जिन्होंने चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा है। अनुराग सिंह ठाकुर ने इस उपलब्धि को प्रधानमंत्री की अटूट प्रतिबद्धता, राष्ट्र के प्रति समर्पण और देशवासियों के विश्वास का प्रतीक बताया। अनुराग सिंह ठाकुर ने लोकसभा में पश्चिम एशिया में जारी संकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यापक और समयोचित संबोधन की भी सराहना की। अपने स्पष्ट और दृढ़ वक्तव्य में प्रधानमंत्री ने इस स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया और कहा कि इस संघर्ष का वैश्विक अर्थव्यवस्था तथा आम जनजीवन पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है, साथ ही भारत के लिए भी अभूतपूर्व चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं। उन्होंने प्रभावित देशों के साथ भारत के व्यापक व्यापारिक संबंधों, भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य के महत्व तथा खाड़ी क्षेत्र में रह रहे लगभग एक करोड़ भारतीयों की सुरक्षा संबंधी चिंताओं को रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि संवाद और कूटनीति ही इस संकट का एकमात्र समाधान हैं। उन्होंने सदन को अवगत कराया कि उन्होंने स्वयं पश्चिम एशिया के विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ दो चरणों में दूरभाष पर बातचीत कर तनाव कम करने और शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर हमले और अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों, विशेषकर होर्मुज जलडमरूमध्य, को बाधित करना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। प्रधानमंत्री ने संकट के बीच देश के हितों की रक्षा के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी की बैठक में पूरे परिदृश्य की समीक्षा की गई और मंत्रियों तथा सचिवों का एक समूह गठित करने के निर्देश दिए गए हैं, जो निरंतर स्थिति की निगरानी करेगा। एक अंतर-मंत्रालयी समूह प्रतिदिन बैठक कर आयात-निर्यात से जुड़ी चुनौतियों का आकलन कर त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। सरकार ने ऊर्जा आयात को 27 से बढ़ाकर 41 देशों तक विविधीकृत किया है, सामरिक पेट्रोलियम भंडार बनाए रखे हैं, घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को प्राथमिकता दी है तथा पेट्रोल, डीजल, गैस और बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एलपीजी, कोयला और नवीकरणीय ऊर्जा के घरेलू उत्पादन को बढ़ाया है। पर्याप्त खाद्यान्न भंडार, उर्वरक की व्यवस्था और खाड़ी क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रबंध भी किए गए हैं। विदेशों में भारतीय मिशन, 24×7 हेल्पलाइन और आपातकालीन सहायता कक्ष निरंतर सहायता प्रदान कर रहे हैं तथा अब तक 3.75 लाख से अधिक भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया जा चुका है। अनुराग सिंह ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्णायक और दूरदर्शी नेतृत्व में भारत इन चुनौतियों का सफलतापूर्वक सामना करेगा, जैसा कि कोविड-19 महामारी के दौरान एकजुटता और तैयारी के साथ किया गया था। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस वैश्विक अनिश्चितता के दौर में सतर्क, एकजुट और सरकार के प्रयासों के प्रति सहयोगी बने रहने का आह्वान किया।