सुप्रीम कोर्ट ने ममता के आचरण को बताया लोकतंत्र विरोधी: अनुराग सिंह ठाकुर

बंगाल में भाजपा सरकार लागू करेगी यूसीसी: अनुराग सिंह ठाकुर

सुप्रीम कोर्ट ने ममता के आचरण को बताया लोकतंत्र विरोधी: अनुराग सिंह ठाकुर
पूर्व केंद्रीय मंत्री व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतर्गत कोलकाता पोर्ट विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी राकेश सिंह के पक्ष में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ममता भारत के इतिहास की ऐसी मुख्यमंत्री हैं, जो खुलेआम जांच एजेंसियों के कार्य में बाधा डालती हैं और अपराधियों को संरक्षण देती हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब तृणमूल कांग्रेस के कुशासन से मुक्ति पाकर सुशासन की भाजपा सरकार स्थापित करने के लिए तैयार है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में बंगाल असुरक्षा के गंभीर दौर से गुजर रहा है, जहां बेटियां, बच्चे, व्यापारी, राजनीतिक कार्यकर्ता और यहां तक कि न्यायपालिका भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता की तानाशाही पर सुप्रीम कोर्ट ने भी कड़ी टिप्पणी करते हुए उनके आचरण को लोकतंत्र विरोधी बताया है, जो किसी भी मुख्यमंत्री के लिए अत्यंत गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य में भय का वातावरण व्याप्त है और तृणमूल कांग्रेस टेरर, मर्डर और क्राइम का पर्याय बन चुकी है। उन्होंने इस चुनाव को बांग्ला स्वाभिमान, संस्कृति और अस्तित्व की रक्षा का चुनाव बताया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से बांग्लादेशी घुसपैठ एक गंभीर समस्या बनी हुई है और कांग्रेस, कम्युनिस्ट तथा तृणमूल कांग्रेस ने योजनाबद्ध तरीके से इसे बढ़ावा दिया है, ताकि इन्हें वोट बैंक के रूप में उपयोग किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के बजाय कट-मनी के माध्यम से शोषण किया है और तृणमूल कांग्रेस के कई मंत्री एवं नेता भ्रष्टाचार के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि जब-जब भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई होती है, तब-तब संबंधित नेता खुद को बीमार बताने लगते हैं और ममता उन्हें निर्दोष घोषित कर देती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों को राज्य में कार्य करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अहंकार की सभी सीमाएं पार कर दी हैं और राज्य को अपराधियों का केंद्र बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति जितना बड़ा अपराधी होता है, उसे पार्टी में उतना ही बड़ा पद और टिकट दिया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्कूल और कॉलेज तक सुरक्षित नहीं हैं और पीड़ितों को न्याय के लिए बार-बार अदालतों का सहारा लेना पड़ता है। उन्होंने कहा कि कम्युनिस्ट और तृणमूल कांग्रेस ने पिछले पांच दशकों में राज्य को कुशासन और दुशासन दिया है, जबकि अब बंगाल को सुशासन की आवश्यकता है, जो केवल भाजपा ही प्रदान कर सकती है। उन्होंने कहा कि यदि बंगाल को सुशासन के दो दशक मिलते हैं तो वह देश के सबसे विकसित राज्यों में शामिल हो सकता है। उन्होंने कहा कि ममता को चुनाव में हार का भय सता रहा है, जिसका प्रमाण नंदीग्राम सीट छोड़ना, कई विधायकों के टिकट काटना और विभिन्न पदों से इस्तीफे देना है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस अब एक राजनीतिक दल न रहकर अपराधी तत्वों का केंद्र बन गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता लागू की जाएगी, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी है।