भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “अपना बूथ–सबसे मजबूत बूथ” सृजन अभियान के अंतर्गत बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने ग्राम केंद्र पाहलु के अंतर्गत बधाण बूथ एवं पाहलु बूथ में प्रवास कर बूथ स्तरीय संगठन को सुदृढ़ बनाने का आह्वान किया।
इस दौरान विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने बूथ अध्यक्षों, बूथ कार्यकारिणी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत संवाद करते हुए कहा कि बूथ संगठन की रीढ़ है और मजबूत बूथ के बिना न तो संगठन सशक्त हो सकता है और न ही कोई जनआंदोलन सफल हो सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने, केंद्र व राज्य की योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुँचाने तथा संगठनात्मक अनुशासन को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
विधायक लखनपाल ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं केंद्रीय बजट की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि केंद्र सरकार गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” आज केवल नारा नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाली वास्तविकता है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आई आपदा के उपरांत बड़सर विधानसभा क्षेत्र के 45 प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के अंतर्गत पक्के मकान स्वीकृत किए गए हैं, जो केंद्र सरकार की संवेदनशीलता को दर्शाता है। इसके अतिरिक्त, आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार हेतु 14 करोड़ रुपये की विशेष राशि स्वीकृत होना भी केंद्र की तत्परता का प्रमाण है।
प्रदेश की सुक्खू सरकार पर प्रहार करते हुए विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार विफल, दिशाहीन और जनविरोधी साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़सर विधानसभा क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र विकास से वंचित है।
उन्होंने कहा कि पिछले नौ महीनों से विधायक निधि जारी न करना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रहार है, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। क्षेत्र में सड़कों की बदहाल स्थिति, अस्पतालों में डॉक्टरों एवं स्टाफ की कमी, विभागीय अव्यवस्था, ठेकेदारों के लंबित भुगतान तथा मूलभूत सुविधाओं के लिए जनता की परेशानी पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।
विधायक लखनपाल ने कहा कि गरीबों की सहारा योजना बंद कर दी गई है, सामाजिक सुरक्षा पेंशन समय पर नहीं मिल रही, पेयजल संकट गहरा रहा है तथा हिमकेयर जैसी स्वास्थ्य योजना प्रभावी रूप से लागू नहीं हो पा रही है।
स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर प्रदेश सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि व्यापक जनविरोध के बावजूद स्मार्ट मीटर लागू करना अलोकतांत्रिक कदम है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो बड़सर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
अंत में विधायक इन्द्रदत्त लखनपाल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रदेश सरकार की विफलताओं एवं बड़सर के साथ हो रहे अन्याय को बूथ स्तर पर प्रमुख मुद्दा बनाकर जनता के बीच मजबूती से रखें तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाएं।
इस अवसर पर मण्डल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष संजीव शर्मा, मण्डल महामंत्री अश्वनी बन्याल एवं दिनेश व्यास, मण्डल उपाध्यक्ष एवं जिला परिषद सदस्य राजेश माँगा, ग्राम केंद्र प्रभारी मलकीत सिंह, बूथ अध्यक्ष बधाण सत्यपाल, बूथ अध्यक्ष पाहलु रवि कुमार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।