पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से की शिष्टाचार भेंट

पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल से की शिष्टाचार भेंट
पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में विजयी होकर जनप्रतिनिधित्व का दायित्व संभालने जा रहे विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. प्रेम कुमार धूमल से समीरपुर स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार को भी विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों ने प्रो. धूमल से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भुक्कड़ के नवनिर्वाचित प्रधान संतोष जरयाल एवं उपप्रधान मनोज कुमार ने अपने सहयोगियों सहित प्रो. धूमल से मुलाकात की। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत पंजोत के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड पंचों ने भी समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट की तथा पंचायत के विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। वहीं ग्राम पंचायत चंबोह के नवनिर्वाचित प्रधान, उपप्रधान एवं वार्ड पंचों ने भी प्रो. धूमल से भेंट कर उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया। ग्राम पंचायत बारीं के नवनिर्वाचित प्रधान राजीव कुमार, उपप्रधान तथा वार्ड पंचों ने भी समीरपुर पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को उनकी विजय के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं और जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए कार्य करें। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे तथा अपनी-अपनी पंचायतों के सर्वांगीण विकास को प्राथमिकता देंगे। प्रो. धूमल ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जनसेवा का अवसर प्रदान किया है, उस विश्वास पर खरा उतरना प्रत्येक जनप्रतिनिधि का प्रथम दायित्व है। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों के उज्ज्वल, सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए उन्हें सदैव जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु कार्य करने का आह्वान किया।