अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संसदीय समिति ने कोयला ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने पर किया व्यापक मंथन

दक्षता, स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु कोयला ब्लॉक नीलामी व्यवस्था की समीक्षा

अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संसदीय समिति ने कोयला ब्लॉक नीलामी प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी बनाने पर किया व्यापक मंथन
हमीरपुर से सांसद एवं संसदीय स्थायी समिति (कोयला, खान एवं इस्पात) के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में आज समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोयला मंत्रालय, विद्युत मंत्रालय तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य कोयला ब्लॉक नीलामी एवं आवंटन प्रक्रिया की व्यापक समीक्षा करना था, ताकि कोयला क्षेत्र में पारदर्शिता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके, परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके तथा दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित की जा सके। समिति ने अवलोकन किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान प्रचलित अपारदर्शी एवं घोटालों से ग्रस्त कोयला आवंटन व्यवस्था को समाप्त कर एक पारदर्शी एवं प्रतिस्पर्धी नीलामी-आधारित प्रणाली स्थापित की गई है। सरलीकृत स्वीकृति प्रक्रियाओं एवं व्यापक नीतिगत सुधारों के माध्यम से भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है, परियोजनाओं के संचालन में उल्लेखनीय तेजी आई है तथा देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए कोयले की आपूर्ति अधिक कुशल एवं टिकाऊ बनी है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा किए गए ये सुधार भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं तथा विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को गति प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समिति इन नीतियों के क्रियान्वयन की निरंतर समीक्षा करती रहेगी और संबंधित मंत्रालयों को रचनात्मक सुझाव प्रदान करेगी, ताकि शेष चुनौतियों का समाधान किया जा सके। साथ ही जिम्मेदार खनन, पर्यावरणीय संरक्षण तथा राष्ट्रीय विकास के लिए आवश्यक कोयला संसाधनों के तीव्र एवं संतुलित विकास को भी बढ़ावा दिया जा सके।