महिला मंडल की सूचना पर जरूरतमंद परिवार के बीच पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, तत्काल ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की

महिला मंडल की सूचना पर जरूरतमंद परिवार के बीच पहुंचे नरेश कुमार दर्जी, तत्काल ₹10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की
भोरंज विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दशमल में महिला मंडल की सम्मानित सदस्यों के साथ आयोजित बैठक के दौरान एक अत्यंत जरूरतमंद परिवार की समस्या सामने आई। महिला मंडल की बहनों ने पूर्व उपाध्यक्ष जिला परिषद हमीरपुर एवं समाजसेवी नरेश कुमार दर्जी (दर्जी भाई) को बताया कि महिला मंडल भवन के पीछे रहने वाली श्रीमती वीणा देवी, धर्मपत्नी श्री राकेश कुमार का परिवार अत्यंत आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। महिला मंडल की जानकारी मिलते ही नरेश कुमार दर्जी स्वयं महिला मंडल की सदस्यों के साथ परिवार के घर पहुंचे और वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने देखा कि परिवार के पास रहने के लिए पक्का मकान नहीं है, पशुओं के लिए उचित गौशाला का भी अभाव है तथा परिवार की गाय भी गंभीर रूप से बीमार है, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं। परिवार की स्थिति को देखते हुए नरेश कुमार दर्जी ने अपनी ओर से ₹10,000 की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की, ताकि कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके। साथ ही उन्होंने संबंधित विभागों एवं प्रशासन के समक्ष परिवार के लिए पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर नरेश कुमार दर्जी ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का वास्तविक अर्थ केवल आश्वासन देना नहीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान के लिए ईमानदारी से प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि भोरंज का प्रत्येक परिवार उनका अपना परिवार है और किसी भी जरूरतमंद व्यक्ति को स्वयं को अकेला महसूस करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक सहयोग से ही एक संवेदनशील और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है। अंत में उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि वीणा देवी के परिवार को इस कठिन समय से उबरने की शक्ति प्रदान करें, उनकी बीमार गाय शीघ्र स्वस्थ हो तथा परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए।